‘हिमालिनी ज्ञानकुंज बाल कविता प्रतियोगिता’ में विजयी विद्यार्थी सम्मानित
काठमांडू, २४ अगस्त । डॉ. कृष्णचन्द्र मिश्र पब्लिकेशन प्रा. लि. द्वारा आयोजित ‘हिमालिनी ज्ञानकुंज बाल कविता प्रतियोगिता २०२५’ में विजयी हुए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया । नेपाल–भारत पुस्तकालय में शनिवार को सम्पन्न एक विशेष कार्यक्रम के बीच उन्हें सम्मानित किया गया । विजयी चार विद्यार्थियों को भारतीय राजदूतावास के प्रथम सचिव (पीआईसी विंग) वशिष्ठ नंदन, हिमालिनी के प्रबन्ध निदेशक सच्चिदानन्द मिश्र, सम्पादक डॉ. श्वेता दीप्ति तथा अन्य अतिथियों ने खादा ओढ़ाकर एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया ।
तीन सदस्यीय मूल्यांकन समिति द्वारा किए गए मूल्यांकन के अनुसार रुपीज इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा ९ में अध्ययनरत विद्यार्थी मनन अग्रवाल ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया । इसी प्रकार द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने वालों में श्रीआना रायमाझी और अवनी जालान रहे । श्रीआना, केन्द्रीय विद्यालय भारतीय राजदूतावास में कक्षा १० में अध्ययनरत हैं जबकि अवनी, रुपीज इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा ९ में पढ़ती हैं । तृतीय पुरस्कार जीतने वाले विद्यार्थी डीएवी स्कूल की कक्षा ११ में अध्ययनरत साहिल सिंह उज्जैन रहे । बाल कविता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रुपिज इन्टरनेशनल की हिन्दी शिक्षिका अर्चना झा को भी डा. कृष्णचन्द्र मिश्र पब्लिेकशन ने ‘शिक्षक सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया है ।
प्रतियोगिता में काठमांडू उपत्यका के भीतर हिन्दी भाषा पढ़ाई जाने वाले विद्यालयों से कुल ११ विद्यार्थियों की सहभागिता रही । सहभागी ११ विद्यार्थियों में से प्रथम, द्वितीय और तृतीय मिलाकर कुल चार विद्यार्थियों का चयन हुआ । द्वितीय स्थान पर दो विद्यार्थियों का चयन किया गया था । प्रतियोगिता में कक्षा ९ से लेकर कक्षा १२ तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की सहभागिता रही ।
प्राप्त सभी कविताओं को हिमालिनी वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया था तथा उत्कृष्ट कविता चयन के लिए एक समिति का गठन किया गया । समिति में कार्यक्रम संयोजक कंचना झा, त्रिवि केन्द्रीय पुस्तकालय में कार्यरत साहित्यकार अंशु झा तथा एक अन्य साहित्यकार संगीता ठाकुर शामिल थीं ।


