सामाजिक मुद्दों के प्रवर्तक १७ वर्षीय कृष यादव ‘ग्लोकल टिन हिरो २०२५’ से सम्मानित
जनकपुरधाम, २ सितम्बर । धनुषा जिला स्थायी निवासी १७ वर्षीय सामाजिक अभियन्ता और कंटेंट क्रिएटर, कृष यादव को ‘ग्लोकल टिन हिरो नेपाल २०२५’ का गौरव प्राप्त हुआ है । ललितपुर में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान ग्लोकल प्रा.लि. द्वारा गोल्छा ग्रुप के शीर्षक साझेदारी में प्रदान किया गया ।
ग्लोकल टिन हिरो पहल उन किशोर–किशोरियों को मान्यता देती है, जो शिक्षा के क्षेत्र के बाहर भी असाधारण योगदान दे रहे हैं । इस साल कृष को अंतिम चरण में पहुंचे पांच प्रतियोगियों– मानुषी न्यौपाने (स्याङ्जा), निश्चल ढुङ्गाना (कपिलवस्तु), अक्सफोर्ड आचार्य (जुम्ला), रेनुका सिंह (सर्लाही), और सफल पौडेल (रुपन्देही) में से चुना गया ।
कृष यादव सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय कंटेंट क्रिएटर हैं । उन्होंने ‘टीएनसी अनस्क्रिप्टेड’ के माध्यम से बहस कार्यक्रम, वृत्तचित्र और सार्वजनिक संवाद संचालित किया हैं । साथ ही, द नेपाली कमेन्ट में सह–रचनात्मक नेतृत्व करते हुए सामाजिक और राजनीतिक सामग्री का उत्पादन किया । इसके अलावा, उन्होंने ‘प्रोजेक्ट विवेक’ और ‘प्रोजेक्ट स्टिच’ जैसे युवा–केन्द्रित अभियानों का संचालन भी किया ।
विजेता चयन का निर्णय अंतिम प्रतियोगियों की उपलब्धियों, रचनात्मकता और प्रभाव को ध्यान में रखते हुए निर्णायक मंडल ने किया । निर्णायक मंडल में कोका–कोला नेपाल की चन्द्रिका कालिया, डब्लुडब्लुएफ नेपाल के डॉ. घनश्याम गुरुङ, गोल्छा ग्रुप की सीमा गोल्छा, भीओआइटीएच के सुरज वैद्य और यूरोपीय संघ के थोमस मिलर शामिल थे । कार्यक्रम में कूटनीतिज्ञ, राजनीतिज्ञ, शिक्षाविद, उद्यमी और युवा नेताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व की उपस्थिति रही थी ।

