नेकपा एमाले विधान महाधिवेशनः राजनीतिक प्रस्ताव के लिए योगेश भट्टराई की नेतृत्व में ७ सदस्यीय समिति

काठमांडू, ६ सितम्बर । नेकपा एमाले ने अपने दूसरे विधान महाधिवेशन के लिए समसामयिक राजनीतिक प्रस्ताव तैयार करने हेतु सचिव योगेश भट्टराई की संयोजकता में सात सदस्यीय समिति का गठन किया है । अध्यक्ष केपी शर्मा ओली द्वारा घोषित इस समिति में भट्टराई के अलावा स्थायी समिति सदस्य एवं प्रचार–प्रकाशन विभाग प्रमुख राजेन्द्र गौतम, पोलिटब्यूरो सदस्य ज्वाला साह, ईश्वरी रिजाल तथा केन्द्रीय सदस्य उषाकला राई, सृजना काफ्ले और माधव ढुंगेल शामिल हैं ।
समिति देश की वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक स्थिति तथा जनजीवन से जुड़े मुद्दों पर महाधिवेशन की धारणा तय करेगी । संयोजक भट्टराई के अनुसार प्रस्ताव तैयार करने के लिए समिति की बैठक आज ही आयोजित की जाएगी । एमाले का विधान महाधिवेशन ललितपुर स्थित गोदावरी में जारी है, जहाँ आज विभिन्न प्रतिवेदनों पर चर्चा होने वाली है ।

