कल मनाया जाएगा निजामती सेवा दिवस, ४१ कर्मचारी होंगे सम्मानित
काठमांडू, ६ सितम्बर । देश की स्थायी सरकार मानी जाने वाली निजामती सेवाके कर्मचारी रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ ‘निजामती सेवा दिवस’ मनाएंगे । इस अवसर पर विभिन्न स्तर के ४१ कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा ।
निजामती सेवा सम्बन्धी ऐन पहली बार वि.सं. २०१२ भाद्र २२ गते जारी हुआ था । उसी की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाया जाता है । इस दिन को निजामती सेवा के मूल्य, मान्यता, आदर्श, चरित्र, नैतिकता और निष्ठा का स्मरण करते हुए नागरिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर माना जाता है ।
करीब ८५ हजार निजामती कर्मचारियों के लिए यह दिवस उत्सव और कदर का दिन है । दिवस मनाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित मूल समारोह समिति के तहत उपसमितियों द्वारा स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण, रक्तदान, मैत्रीपूर्ण फुटबॉल, अन्तरक्रिया, झांकी प्रदर्शनी, रैली और दीपावली जैसे कार्यक्रम तय किए गए हैं ।
राजधानी में प्रधानमंत्री की प्रमुख आतिथ्य में होने वाले मुख्य समारोह में एक कर्मचारी को ८सर्वश्रेष्ठ निजामती८, १० कर्मचारियों को ‘उत्कृष्ट निजामती’ और ३० कर्मचारियों को ‘निजामती पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा । पिछले वर्ष चयनित कर्मचारियों को भी इस अवसर पर पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे । समारोह का उद्देश्य उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित कर अन्य सभी को निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित करना है ।

