विशेष महाधिवेशन से पार्टी विभाजन नहीं होगा – विश्वप्रकाश शर्मा
काठमांडू, पुस २४ – नेपाली कांग्रेस के महामंत्री विश्वप्रकाश शर्मा ने कहा है कि विशेष महाधिवेशन से पार्टी विभाजन नहीं होगा । यह बात उन्होंने सामाजिक संजाल द्वारा कही है । उन्होंने कहा है कि – विशेष महाधिवेशन पुस २७ को ही होगा, और इससे पार्टी विभाजित नहीं होगी । उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यदि किसी कारणवश पार्टी विभाजन होने की अवस्था आई तो महाधिवेशन हॉल से सबसे पहले मैं बाहर आऊंगा ।
उन्होंने कहा कि– नेपाली काँग्रेस के पहले विशेष महाधिवेशन ने नेपाली काँग्रेस को उस समय के सही मार्ग पर सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति प्रदान की थी । दूसरा विशेष महाधिवेशन भिन्न राष्ट्रीय परिस्थिति और भिन्न आन्तरिक अवस्था के बीच में हो रहा है । इस संवेदनशील और ऐतिहासिक समय में एक तरफ हमें आन्तरिक एकता को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य कर पार्टी के भीतर नवीन आत्मविश्वास भरना है तो दूसरी तरफ आज के नेपाल और अब के नेपाल के बारे में सुझबुझपूर्ण दृष्टि, योजना और संकल्प के साथ देश का विश्वास जीतकर नए ढंग से आगे बढ़ना है । उन्होंने सभी प्रतिनिधि को महाधिवेशन में उपस्थित होने का भी आग्रह किया है ।


