Thu. Jan 22nd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारतीय राजदूतावास,काठमांडू द्वारा ‘विश्व हिन्दी दिवस’ का भव्य आयोजन

काठमांडू, १० जनवरी २०२६ । भारतीय राजदूतावास ने प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘विश्व हिन्दी दिवस २०२६’ का भव्य आयोजन किया । आज का यह आयोजन दूतावास, लैनचौर में ही किया गया । आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेपाल भाषा आयोग के अध्यक्ष डॉ.गोपाल ठाकुर थे । भारतीय राजदूतावास के कार्यवाहक राजदूत डॉ राकेश पांडे ने समारोह की अध्यक्षता की ।

विशिष्ट अतिथि के रूप में नेपाल संगीत तथा नाट्य प्रज्ञा प्रतिष्ठान की निशा शर्मा,त्रिभुवन विश्वविद्यालय हिन्दी केन्द्रीय विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रा.डा. ऊषा ठाकुर, भारत में नेपाल के पूर्व राजदूत श्री रामभक्त ठाकुर , त्रिभुवन विश्वविद्यालय संस्कृत केन्द्रीय विभागाध्यक्ष डा. नारायण प्रसाद गौतम शामिल थे । 
आज कार्यक्रम की शुरुआत कांतिभैरव गुरुकुल के बच्चों द्वारा वेद मंत्रोंच्चारण से हुई ।
इसके बाद भारतीय राजदूतावास के कार्यवाहक राजदूत डॉ राकेश पांडे ने विश्व हिन्दी दिवस के अवसर भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया । अपनी शुभकामना संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा था कि – विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर मैं आप सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ । हिन्दी को लेकर उन्होंने कहा कि – हिन्दी केवल एक भाषा मात्र नहीं, बल्कि भारत की संवेदना, संस्कार और चिंतन को विश्व तक पहुँचाने वाली सशक्त कड़ी है । अपने संदेश में उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया है कि –युवा पीढ़ी द्वारा हिन्दी को नवाचार, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आधुनिक संवाद के माध्यम के रुप में अपनाया जाना इसके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है ।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि नेपाल भाषा आयोग के अध्यक्ष डा. गोपाल ठाकुर ने कहा कि – हिन्दी केवल भारत की भाषा नहीं है यह नेपाल की भी साझी भाषा है और हिन्दी भी नेपाल की राष्ट्रभाषा है । उन्होंने अपने मंतव्य में इस बात का भी उल्लेख किया कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की भाषा हिन्दी थी । इसी तरह उन्होंने यह भी बताया कि भारत स्वतंत्रता संग्राम में न केवल भारतीयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी वरन नेपाल के लोगों ने भी उस संग्राम में भाग लिया था ।
इसके बाद केन्द्रीय विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी । उन्होंने गणेश वंदना पर अपना नृत्य प्रस्तुत किया । इसके साथ ही श्रीयाना रायमाझी तथा रोहन मित्तल ने कविता वाचन किया । इसी तरह मोर्डन इंडियन स्कूल के नेवी शार्मा ने, डी.ए वी की चंचल मोहता ने अपनी कविता वाचन की । आलोक विद्याश्रम के बच्चों ने अपनी अद्भूत प्रस्तुति दी । रूपेश शर्मा, कुश टिबरेवाल आवृत्ति गुप्ता तथा अंकित भारुणदिया जलान ने शानदार प्रस्तुति की ।इसके साथ स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा बहुत ही मनमोहक प्रस्तुति दी गई ।


कार्यक्रम के अंत में नेपाल संगीत तथा नाट्य प्रज्ञा प्रतिष्ठान की निशा शर्मा,त्रिभुवन विश्वविद्यालय हिन्दी केन्द्रीय विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रा.डा. ऊषा ठाकुर, भारत में नेपाल के पूर्व राजदूत श्री रामभक्त ठाकुर , त्रिभुवन विश्वविद्यालय संस्कृत केन्द्रीय विभागाध्यक्ष डा. नारायण प्रसाद गौतम को सम्मानित भी किया गया । कार्यक्रम पी आई सी प्रमुख प्रथम सचिव श्री वसिष्ठ नन्दन जी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।  कार्यक्रम का सफल संचालन दूतावास के हिंदी अधिकारी डॉ धनेश द्विवेदी ने किया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *