विराटनगर के वरिष्ठ समाजसेवी घनश्याम जी राठी का निधन, सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर
माला मिश्रा कोशी प्रदेश नेपाल ।
विराटनगर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं विभिन्न प्रतिष्ठित सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे घनश्याम जी राठी का बुधवार के सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही विराटनगर सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से वे हृदय रोग से पीड़ित थे। बेहतर उपचार हेतु दिल्ली ले जाया गया। वहीं बुधवार के करीब 8 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
दिवंगत घनश्याम जी राठी समाज सेवा के क्षेत्र में एक सम्मानित और सक्रिय व्यक्तित्व माने जाते थे। वे वर्तमान में क्षय रोग निवारण केंद्र के अध्यक्ष थे। इसके अलावा माहेश्वरी समाज विराटनगर, लायंस क्लब, जानकी सेवा सदन एवं जेसीज जैसी संस्थाओं में अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर समाज हित में उल्लेखनीय कार्य किया। लायंस क्लब के जिला स्तर पर भी उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई थीं।
वे अपने पीछे धर्मपत्नी श्रीमती अन्नपूर्णा देवी राठी, तीन पुत्रियों एवं एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
परिजनों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 3 बजे किया जाएगा। उनके निधन पर विराटनगर के सामाजिक, धार्मिक एवं व्यवसायिक संगठनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

