Sat. Jul 11th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव पर रक्सौल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन

 

रक्सौल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रक्सौल इकाई द्वारा हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव के अवसर पर रविवार को नगर में भव्य एवं अनुशासित पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आर्य समाज मंदिर परिसर में आयोजित बौद्धिक सत्र से हुआ। इसके उपरांत पूर्ण गणवेश में सुसज्जित स्वयंसेवकों ने घोष की मधुर धुन के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से पथ संचलन किया। अनुशासन, संगठन एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देता यह संचलन पुनः आर्य समाज मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।

पथ संचलन के दौरान नगर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं मोहल्लों में नागरिकों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। पूरे वातावरण में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना की अनुपम झलक देखने को मिली।

यह भी पढें   फीफ विश्वकप – नजरें खिताब पर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रतिवर्ष हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव मनाता है। यह दिवस छत्रपति शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक राज्याभिषेक एवं हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की स्मृति में आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर देशभर में पूर्ण गणवेश में पथ संचलन, बौद्धिक कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक आयोजन होते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में संगठन, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता तथा सांस्कृतिक गौरव की भावना को सुदृढ़ करना है।

इस अवसर पर आयोजित बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए जिला प्रचारक शिवम सोनू ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन राष्ट्ररक्षा, सुशासन, स्वाभिमान, पराक्रम एवं लोककल्याण का अनुपम आदर्श है। उन्होंने कहा कि हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव नई पीढ़ी को शिवाजी महाराज के जीवन-मूल्यों, राष्ट्रनिष्ठा, साहस और संगठन शक्ति से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है।

यह भी पढें   चिकित्सा शिक्षा आयोग के उपाध्यक्ष डा. देवेन्द्र खत्री

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1925 से 2025 तक संघ ने अपनी सौ वर्षों की यात्रा में भारतीय समाज, संस्कृति, सेवा, संगठन एवं राष्ट्र निर्माण के विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, समर्पण, सामाजिक समरसता तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रेरक अवसर है।

कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए निरंतर समाजहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढें   निर्वाचन आयुक्तों की सुनवाई प्रक्रिया शुरु होगी आज

इस अवसर पर भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, अजय कुमार, सुनील कुमार, प्रेमचन्द आर्य, वरिष्ठ स्वयंसेवक उमा प्रसाद, जिला कार्यवाह दुर्गेश कुमार, जिला सेवा प्रमुख विकास कुमार, नगर कार्यवाह भरत कुमार, जिला संपर्क प्रमुख सुबोध कुमार, महाविद्यालय कार्य प्रमुख चैतन्य कुमार, जिला व्यवस्था प्रमुख संतोष कुमार, शिवाजी बस्ती प्रमुख हेमंत वर्णवाल, नगर व्यवस्था प्रमुख मनोज कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य प्रेमरंजन पटेल, सचिन कुमार, नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *