भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला ने राष्ट्रपति पौडेल को सौंपा पदभार का प्रमाणपत्र
काठमांडू।
नेपाल में नवनियुक्त भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला ने शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल के समक्ष अपने पदभार का प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया। राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में आयोजित विशेष समारोह में उन्होंने औपचारिक रूप से अपना परिचय-पत्र सौंपा।
कुछ दिन पहले राजदूत के रूप में काठमांडू पहुंचे दलेला ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया पूरी की।
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, इसी समारोह में लाओस के लिए गैरआवासीय राजदूत विथाया जायाभोंग और पनामा के लिए गैरआवासीय राजदूत अलोंसो मिगुएल ने भी राष्ट्रपति पौडेल के समक्ष अपने पदभार का प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया।
नवनियुक्त राजदूतों को लाजिम्पाट से राष्ट्रपति भवन तक घुड़सवार सुरक्षा दल के साथ बग्घी में ले जाया गया। समारोह में नेपाल सरकार के उच्च पदस्थ अधिकारी भी उपस्थित थे।
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि तीनों राजदूतों ने अलग-अलग विशेष समारोहों में राष्ट्रपति के समक्ष अपने पदभार का प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया।


