इलाम में दो दिवसीय ‘प्रथम सूर्योदय चाय महोत्सव–२०८३’ आज से शुरु
काठमांडू, मंसिर ५ : इलाम में आज से दो दिवसीय ‘प्रथम सूर्योदय चाय महोत्सव–२०८३’ का आयोजन किया जा रहा है । यह आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूर्योदय नगरपालिका, कोशी प्रदेश सरकार और ट्रेकिंग आधारित पर्यटन विकास परियोजना की साझेदारी में सूर्योदय नगरपालिका के कन्याम में महोत्सव शुरू किया जा रहा है ।
इस महोत्सव का उद्घाटन कोशी प्रदेश की पर्यटन, वन तथा पर्यावरण मंत्री खिनु लंगवा (लिम्बू) करेंगी ।
चाय पर्यटन को बढ़ावा देने और सूर्योदय नगरपालिका में निर्माणाधीन चाय पदमार्ग (टी ट्रेल) का प्रचार–प्रसार करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है । यह जानकारी सूर्योदय चाय महोत्सव आयोजन प्रबंधन समिति के संयोजक एवं वार्ड नंबर १० के अध्यक्ष पेमा उगेन लामा ने दी ।
उन्होंने कहा, “चाय पर्यटन को बढ़ावा देने और सूर्योदय नगरपालिका में निर्माणाधीन चाय पदमार्ग का प्रचार–प्रसार करने के उद्देश्य से पहली बार इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य देशी और विदेशी सहित १० हजार से अधिक पर्यटकों को यहाँ लाना है।”
रविवार तक चलने वाले इस महोत्सव में ‘टी ट्रेल रेस’, चाय से संबंधित परिचर्चा, चाय का प्रचार–प्रसार एवं स्वाद परीक्षण, चाय बागानों के बीच ट्रेल वॉक, स्थानीय खाद्य पदार्थों एवं व्यंजनों की प्रदर्शनी की जाएगी । इसके साथ ही सांस्कृतिक झाँकियाँ भी प्रस्तुत की जाएँगी।
संयोजक लामा ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय खाद्य व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएँगे। साथ ही सूर्योदय नगरपालिका क्षेत्र में उत्पादित विभिन्न ब्रांडों की चाय की प्रदर्शनी, टेस्टिंग और विपणन की व्यवस्था भी की जाएगी।


