पटेर्वा सुगौली में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित : संजय दास थारू
जिराभवानी, 29 नवंबर 2026। नेपाल के पर्सा जिले के पटेर्वा सुगौली गांवपालिका-3 के देकुली में नशे की लत और सामाजिक बुराइयों को कम करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज में बढ़ती नशे तथा अन्य गलत आदतों पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में इलाका प्रहरी कार्यालय पटेर्वा सुगौली के पुलिस निरीक्षक विपिन कार्की और नेपाल पत्रकार महासंघ, पर्सा के सदस्य बलिराम शुक्ला ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे बचने के उपायों तथा नशा मुक्ति में परिवार और समाज की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान पुलिस निरीक्षक कार्की ने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों की संगत, व्यवहार और रोजमर्रा की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी नशीले पदार्थों के सेवन, तस्करी या खरीद-बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
वहीं, पत्रकार बलिराम शुक्ला ने नशे की लत से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले बुरे प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं से गलत संगत और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में वार्ड अध्यक्ष माधो राउत थारू ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें खेलकूद, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे पर रोक लगाने के लिए पुलिस, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच आपसी सहयोग होना चाहिए।
वार्ड नंबर-3 के सहयोग से शुभम साक्षी सीप विकास केंद्र प्रा.लि. की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवी मुना तिवारी, वार्ड सदस्य हैदर अंसारी, लक्ष्मणदेव चौधरी, पत्रकार विनोद यादव तथा रंगपुर पुलिस चौकी के सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश साह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।



