संशोधन के जरिए मोर्चा की माँगों को संबोधित किया जायगा : प्रम प्रचण्ड
हिमालिनी डेस्क,काठमांडू, ३ फरवरी ।
प्रधानमन्त्री पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचण्ड’ ने संयुक्त लोकतांत्रिक मधेशी मोर्चा से संविधान संशोधन प्रस्ताव और स्थानीय चुनाव को साथ साथ ले जाने के सरकार के प्रयास कोे अन्यथा न लेने का आग्रह किया है ।
मन्त्रिपरिषद् की गुरुवार की बैठक द्वारा निर्वाचन आयोग को स्थानीय चुनाव की तैयारी करने के लिए पत्राचार करने का निर्णय किए जाने के बाद मोर्चा के नेताओं की असन्तुष्टि सार्वजनिक होने के बाद प्रधानमन्त्री ने उन्हें शाम में विचार विमर्श के लिए बुलाया था ।
प्रधानमन्त्री के प्रमुख राजनीतिक सल्लाहकार चक्रपाणि खनाल के मुताबिक प्रधानमंत्री प्रचंड ने उन्हें बताया आयोग को तैयारी करने का सामान्य निर्देश दिया है, अभी चुनाव की तिथि भी घोषित नहीं हुई है और संविधान संशोधन के जरिए मोर्चा की माँगों को संबोधित करने का सरकार का प्रयास अभी जारी है ।
विचार विमर्श में सहभागी सङ्घीय समाजवादी फोरम नेपाल के सहअध्यक्ष अशोककुमार राई ने बताया कि हमने प्रधानमंत्री से साफ तौर पर कहा कि परिमार्जनसहित संशोधन विधेयक के पारित न होने तक चुनाव में आने को हम तैयार नहीं हैं और वैसी परिस्थिति में हम आंदोलन करने को बाध्य होंगे ।


