Tue. Jan 20th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

राष्ट्रीय पार्टी बनाने हेतु संघीय लिंबूवान पार्टी से एकीकरण किया गया : मंजारुल अंसारी

मंजारुल अंसारी, काठमांडू ,३० मई | आदिवासी जनजाति, मधेशी, मुसलिम आदि समुदायों के हक अधिकार सुनिश्चित करवाने हेतु देश में एक बड़ी शक्ति की आवश्यकता थी । इस शक्ति को प्राप्त करने हेतु तथा संघीय समाजवादी फोरम नेपाल को राष्ट्रीय पार्टी बनाने हेतु संघीय लिंबूवान पार्टी से एकीकरण करने की आवश्यकता महसूस हुई । इस एकता से हिमाल, पहाड़ व तराई मधेश के आदिवासी जनजाति को अधिक बल मिला है । वैसे मधेशी, मुसलिम, दलित, पिछड़ावर्ग, अल्पसंख्यक सभी समुदायों को भी ताकत मिली है । और मुझे लगता है कि इसी एकता के जरिये आदिवासी जनजाति, मधेशी, मुसलिम, दलित, अल्पसंख्यक समुदायों की मांगें पूरी हो सकती है ।
जहां तक सवाल है राजपा नेपाल से एकीकरण होने का, तो मौजूदा हालात में राजपा नेपाल से एकीकरण होने की कोई सम्भावना नहीं दिखाई दे रही है । वो इसलिए कि राजपा नेपाल के सिद्धान्त से हमारी पार्टी का सिद्धान्त बिल्कुल अलग है । राजपा नेपाल के किसी व्यक्ति के सिद्धान्त व विचार से हाशिये पर रहे जाति, समुदायों की भलाई होगी, वह कदापि सम्भव नहीं है । कुछ दिन पूर्व राजपा नेपाल ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिये उपेन्द्रजी को संघीय गठबंधन के संयोजक पद से हटाने की जो घोषणा की, मुझे लगता है कि उपेन्द्र जी को नहीं बल्कि राजपा नेपाल के लोग ही इस गठबंन्धन से अलग हो गए । क्योंकि संघीय गठबंन्धन में जितने दल हैं, तत्कालीन मधेशी मोर्चा के अतिरिक्त सभी दल मौजूद हैं, और उपेन्द्र जी ही गठबन्धन के संयोजक हैं । संघीय समाजवादी फोरम नेपाल अभी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बन गई है । एकीकरण से पूर्व हमारी पार्टी सिर्फ मधेश में ही केन्द्रित थी । लेकिन अभी हिमाल, पहाड़ के साथ–साथ पूर्व में मेची से लेकर पश्चिम में महाकाली तक अपना संगठन विस्तार कर चुकी है । मधेशी, दलित, मुसलिम व अल्पसंख्यकों के साथ–साथ हिमाल, पहाड़ तथा मेची से लेकर महाकाली तक सभी समुदायों के हक अधिकार स्थापनार्थ पार्टी आगे बढ़ रही है । इसी क्रम में नयी शक्ति पार्टी भी संघीय समाजवादी फोरम नेपाल के साथ सहकार करने के लिए प्रतिबद्ध है । और इसी प्रतिबद्धता को पूरी करने के लिए दोनों पार्टियां प्रथम चरण के चुनाव में शामिल भी हुई । वर्तमान में संघीय समाजवादी फोरम नेपाल सिर्फ मधेश में ही बल्कि पूरे देश में ही एक बड़ी शक्ति के रुप में स्थापित हो चुकी है ।
(मंजारुल अंसारी, मुसलिम फोरम नेपाल के केन्द्रीय उपाध्यक्ष हैं ।)

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *