पाकिस्तान ने मनाया अपना ७०वाँ स्वतंत्रता दिवस
१४ अगस्त
पाकिस्तान ने 70वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाहौर के निकट अटारी वाघा बॉर्डर पर अपने इतिहास का सबसे ऊंचा झंडा फहराया है। पाकिस्तान आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने सीमा पर मध्यरात्रि 12 बजे झंडा फहराया जिसके बाद समूचे देश में स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, यह दुनिया में आठवां और दक्षिण एशिया में एकमात्र सबसे ऊंचा झंडा है।
पाकिस्तान में निर्मित यह झंडा 400 फीट ऊंचा और 120 गुना 80 फीट की माप वाला है। इस अवसर पर बोलते हुए जनरल बाजवा ने कहा, कुछ 77 साल पहले इसी शहर (लाहौर) में पाकिस्तान ने प्रस्ताव पारित किया था। रमजान के 27वें रात में पाकिस्तान अस्तित्व में आया।
बाजवा ने कहा, ‘आज देश कानून और संविधान की राह पर बढ़ रहा है। सभी संस्थान उचित तरीके से काम कर रहे हैं। हम पाकिस्तान को कैद-ए-आजम और अल्लामा इकबाल का देश बनाएंगे।‘ उन्होंने आगे बताया, ‘हमने कई त्याग किए हम कभी अपने शहीदों को नहीं भुलाएंगे। हम पाकिस्तान में आतंकियों को जड़ से मिटा देंगे। चाहे पूरब हो या पश्चिम, मैं हमारे दुश्मनों को बताना चाहता हूं कि आपकी गोलियां खत्म हो जाएंगी लेकिन हमारे जवानों की छाती पर नहींI’


