Sat. Oct 3rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

फिक्सिंग मामले में पांच खिलाड़ी निलंबित

 

इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों में कथित स्पॉट फिक्सिंग के मामले पर कार्रवाई करते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पांच खिलाड़ियों को निलंबित किया है.

खबरों के अनुसार इन पांच खिलाड़ियों का नाम एक भारतीय टीवी चैनल की तरफ से कराए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में उछला था.
इंडियन प्रीमियर लीग के अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि स्टिंग ऑपरेशन में किए गए दावों की जांच करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है जिसके रिपोर्ट के बाद दोषी पाए जाने पर इन पांच खिलाड़ियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.

राजीव शुक्ला ने बताया कि इन खिलाड़ियों को जांच रिपोर्ट आने तक निलंबित किया गया है.

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक 3 अक्टुबर 2026 शनिवार शुभसंवत् 2083

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक चैनल ने स्टिंग आपरेशन कर आईपीएल में खिलाड़ियों, आयोजकों, मालिकों और खेल के बड़े नामों के बीच जारी ‘घोटालों’ का भांडाफोड़ करने का दावा किया है.

चैनल के मुताबिक स्टिंग आपरेशन के दौरान कई खिलाड़ियों ने स्वीकार किया है कि उन्हें नीलामी में जाहिर की गई रकम से कहीं अधिक पैसे मिलते हैं.

इससे पहले कथित स्पॉट फिक्सिंग के मुद्दे पर केंद्रीय खेल मंत्री अजय माकन ने कहा है कि इसकी तह तक जाना भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई के लिए चुनौती होगा.

सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकार ‘उचित कार्रवाई करे और जो गलत कर रहे हैं उनको दंडित करे.’

यह भी पढें   बाढ़ और भूस्खलन से अवरुद्ध पृथ्वी और बीपी राजमार्ग एकतरफा खुले

“बीसीसीआई नियमों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार के किसी भी तरह के मामले को बर्दाशत नहीं करेगी”

बीसीसीआई का बयान

मामले को गंभीर बताते हुए अजय माकन ने कहा, ”यह केवल क्रिकेट ही नहीं बल्कि और दूसरे खेलों में भी अक्सर देखा गया है कि इस प्रकार की शिकायतें न केवल भारत में बल्कि विश्व में बाकी जगहों से भी आई हैं.”

उन्होंने कहा, ”बीसीसीआई के लिए यह चुनौती भी है और मौका भी है कि वह इसकी तह तक जाए और खोज करे और इसका निवारण करे. क्रिकेट के करोड़ों प्रशंसक भी यही चाहते हैं.”
बीसीआईआई और आईपीएल के अधिकारियों ने भी कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

यह भी पढें   सिन्धुली में जीप दुर्घटना, ८ लोग घायल

टीवी पर स्टिंग ऑपरेशन दिखाए जाने के बाद बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा था, “बीसीसीआई नियमों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार के किसी भी तरह के मामले को बर्दाशत नहीं करेगी.”

उधर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह स्टिंग ऑप्रेशन करने वाले चैनल इंडिया टीवी के मुख्य संपादक रजत शर्मा ने कहा है कि बीसीसीआई ने उनसे स्टिंग ऑपरेशन के टेप मांगे थे जो उन्हें दे दिए गए हैं.

उन्होंने कहा कि सच्चाई कैमरे में कैद है और जरुरत पड़ने पर इसे अदालत में साबित कर सकते हैं.

रजत शर्मा ने कहा कि फिक्सिंग में कोई टॉप खिलाड़ी शामिल नहीं है.BBC Hindi

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com