Sat. Jul 25th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

आत्मघाती धमाका : चार पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों की मौत

 

१० जनवरी

कराची, प्रेट्र। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की असेंबली के पास मंगलवार को जोरदार आत्मघाती धमाका हुआ। धमाके में चार पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों की मौत हो गई। 17 लोगों के घायल होने की खबर है। प्रांत की पुलिस ने इसे आतंकी हमला करार दिया है। धमाके के कुछ घंटे पहले ही राजनीतिक अस्थिरता के कारण प्रांत के मुख्यमंत्री सनाउल्ला जहीरी ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। असेंबली के सत्र के मद्देनजर इस इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार एक आत्मघाती हमलावर उच्च सुरक्षा वाले रेड जोन क्वेटा के जरघून रोड में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी ट्रक में घुस गया और धमाका कर दिया। घटनास्थल प्रांतीय असेंबली की इमारत से करीब 300 मीटर ही दूर था।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सनाउल्ला जहीरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए मंगलवार को असेंबली का विशेष अधिवेशन बुलाया गया था, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद इसे टाल दिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘साफतौर पर यह आतंकी हरकत है, लेकिन हम अभी यह पता लगा रहे हैं कि क्या यह आत्मघाती हमला ही था?’ क्वेटा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फारूक अतीक ने इस बात की पुष्टि की कि पुलिस वाहन को निशाना बनाकर धमाका किया गया था। उनका कहना है कि चूंकि बचाव अभियान अभी चल रहा है, इसलिए हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। अस्पताल के सूत्रों ने भी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed