Fri. May 29th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

पद्मावत की कमाइ रच रहा है इतिहास

 

 

मुंबई। ऐतिहासिक घटनाक्रम पर बनी संजय लीला भंसाली की फ़िल्म पद्मावत ने रिलीज़ से पहले इतिहास रचा और अब रिलीज़ के बाद इतिहास रचने के रास्ते पर अग्रसर है। 25 जनवरी को सिनेमाघरों में पहुंची पद्मावत रविवार (28 जनवरी) को 100 करोड़ क्लब की मेंबर बन जाएगी। पद्मावत की ये रफ़्तार देखकर आप एक बार ये ज़रूर सोचेंगे कि क्या ये वही फ़िल्म है, जिसे सिनेमाघरों में रिलीज़ ना होने देने के लिए उत्पातियों ने सारा देश सिर पर उठा लिया था। बॉक्स ऑफ़िस पर कमाई की ये रफ़्तार कुछ और तस्वीर ही बयां करती दिख रही है।

रिलीज़ से एक दिन पहले 24 जनवरी को पद्मावत के पेड प्रीव्यूज़ रखे गये थे, जिसमें 5 करोड़ का कलेक्शन हुआ, जो विरोध और धमिकयों के मद्देनज़र बेहतरीन परिणाम है। विरोध के बीच 25 को फ़िल्म देश के कुछ हिस्सों को छोड़कर सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई। फ़िल्म ने 19 करोड़ का कलेक्शन किया। 26 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश के दिन तो जैसे लोगों के सब्र का बांध ही टूट गया। पद्मावत के इंतज़ार में पल-पांवड़े बिछाए बैठे दर्शक सिनेमाघरों पर टूट पड़े और एक दिन का कलेक्शन 32 करोड़ रहा। इस कलेक्शन को देखकर ये कहना मुश्किल है कि पद्मावत विरोध का आम दर्शक के ज़हन पर कुछ असर हुआ है। पद्मावत के लिए दर्शकों के जोश का ये सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा और फ़िल्म ने 27 करोड़ जमा किये। अगर, 25-27 जनवरी तक सिर्फ़ तीन दिन के कलेक्शन की बात करें तो आंकड़ा 78 करोड़ पर पहुंच चुका है। पेड प्रीव्यूज़ भी इसमें शामिल कर लें तो पद्मावत 83 करोड़ पर पहुंच चुकी है। रविवार को पद्मावत एक्सटेंडेड वीकेंड पूरा हो जाएगा, और इसी के साथ माना जा रहा कि फ़िल्म 2018 की पहली 100 करोड़ की फ़िल्म बन चुकी होगी।

16वीं सदी के सूफ़ी संत मलिक मुहम्मद जायसी के काव्य पद्मावत पर आधारित पद्मावत संजय लीला भंसाली की अब तक की सबसे महंगी फ़िल्म है। ट्रेड जानकारों की मानें तो ये हिंदी सिनेमा की भी सबसे महंगी फ़िल्म हो सकती है क्योंकि 3डी संस्करण को मिलाकर पद्मावत की लागत ही 200 करोड़ के आस-पास है। ऐसे में मुनाफ़ा कमाने और हिट का दर्ज़ा हासिल करने के लिए पद्मावत को अब सिनेमाघरों में संघर्ष करना होगा। हालांकि ये संघर्ष एकतरफ़ा ही है, क्योंकि बॉक्स ऑफ़िस पर पद्मावत को टक्कर देने वाली पैडमैन पहले ही रास्ते से हट चुकी है और अब अगली चुनौती 9 फरवरी को मिलेगी, जब अक्षय कुमार की पैडमैन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की अय्यारी रिलीज़ होंगी।

पद्मावत में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मिनी का रोल निभाया है, जबकि शाहिद कपूर महारावल रतन सिंह के किरदार में हैं, जबकि रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी का रोल निभाया है, जो काफ़ी तारीफ़ें बटोर रहा है। अदिति राव हैदरी एक छोटी सी भूमिका में हैं।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *