Sun. Apr 19th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

नेपाल–भारत साहित्य महोत्सव’ के आयोजन समिति की वृहत बैठक

 
कुमार सच्चिदानंद सिंह, बीरगंज, २५ गते मंगलवार | नेपाल–भारत साहित्य महोत्सव–२०१८’, वीरगंज की आयोजन समिति की वृहत बैठक आज इसके आयोजक ‘नेपाल–भारत सहयोग मंच’ के अध्यक्ष श्री अशोक वैद्य’, ‘हिमालिनी’ हिन्दी मासिक के प्रबन्ध निदेशक इंजीनियर सच्चिदानन्द मिश्र तथा ‘ग्रीन केयर सोसाइटी, मेरठ’ के संचालक डॉ. विजय पंडित की उपस्थिति में सम्पन्न हुई । इसमें ‘अभियान दैनिक’ के प्रमुख श्री मदन लम्साल, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक श्री गणेश लाठ, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के उपाध्यक्ष एवं व्यवसायी श्री सुबोध गुप्ता, आयोजन समिति के सचिव एवं उप–प्राध्यापक कुमार सच्चिदानन्द सिंह, नेपाली भाषा और साहित्य के युवा साहित्यकार सर्व श्री निमेष निखिल, भूपिन, श्रीमती अनिता नेपाल, पत्रकार श्री मुरली मनोहर तिवारी, श्री महेशचन्द्र गौतम, श्री ओम प्रकाश खनाल, समाजसेवी श्री अंजनी खेतान, स्थानीय व्यवसायी श्री माधव राजपाल तथा बेतिया से पधारे पर्यावरणविद श्री मनोजकुमार के साथ–साथ इस आसन्न भव्य कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग दे रहे समाज के अन्य गण्यमान्य व्यक्तित्वों की गरिमामय उपस्थिति थी ।
आगामी ११–१२–१३ अगस्त २०१८ को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के आयोजन के सन्दर्भ में अब तक के हुए प्रगति–विवरण कार्यक्रम संयोजक श्री गणेश लाठ ने प्रस्तुत किया और कार्यक्रम स्थल के रूप में स्थानीय ‘जैन–भवन’ का निर्णय अन्तिम रूप में कर दिया गया । साथ ही उन्होंने इस बात की भी विस्तृत रूप में जानकारी दी कि कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने के लिए विभिन्न समितियाँ बना दी गईं हैं जिनके सदस्य अपने–अपने स्तर से कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं । इस बैठक में महत्वपूर्ण बात यह हुई कि इस कार्यक्रम के तीनों आयोजकों ने लिखित सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर कार्यक्रम के वैधानिक आयोजन का मार्ग प्रशस्त किया ।
इस बैठक में इस कार्यक्रम के अवसर पर प्रकाशित होनेवाली ‘नेपाल–भारत साहित्य यात्रा’ के स्वरूप और नेपाली तथा हिन्दी में अब तक प्राप्त सामग्रियों की समीक्षा हुई और यह निर्णय लिया गया कि रचनाओं की माँग का समय पन्द्रह दिन अर्थात २३ अगस्त २०१८ तक बढ़ा कर कुछ और रचनाओं को प्रकाशन–योजना में शामिल किया जाना चाहिए । इसके लिए सम्बन्धित लोग अपने–अपने स्तर से सूचना प्रसारित करेंगे ।
कुल मिलाकर यह एक महत्वपूर्ण बैठक थी जिसमें सहभागी लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की और इसे भव्य, स्मरण्ीय तथा व्यवस्थित स्वरूप देने का निर्णय लिया ।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *