फोरम नेपाल प्रत्यक्ष निर्वाचित कार्यकारी राष्ट्रपति के लिए तैयार
पोखरा, ९ जून । उपप्रधानमन्त्री तथा संघीय समाजवादी फोरम नेपाल के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने कहा है कि फोरम नेपाल प्रत्यक्ष निर्वाचित कार्यकारी राष्ट्रपतीय प्रणाली में जाने के लिए तैयार है । शनिबार पोखरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्हों ने कहा कि नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (नेकपा) और फोरम नेपाल मिलने से संसद में दो तिहाई बहुमत पहुँच जाता है, ऐसी अवस्था में में संविधान संशोधन कर प्रत्यक्ष निर्वाचित राष्ट्रपतीय प्रणाली भी लागू किया जा सकता है ।
उपप्रधानमन्त्री यादव का कहना है कि कम्युनिष्टों की मूल मान्यता ही प्रत्यक्ष निर्वाचित राष्ट्रपतीय प्रणाली है तो अब वह सहज हो गया है । पत्रकारों से उन्होंने कहा– ‘हमारी मान्यता भी प्रत्यक्ष निर्वाचित राष्ट्रपतीय प्रणाली ही है, अगर कम्युनिष्ट चाहता है तो अब यह सम्भव हो गया है ।’ उपप्रधानमन्त्री यादव ने आगे कहा– ‘नेपाल के कम्युनिष्ट लोग साइनबोर्ड तो कम्युनिष्ट का लगाते हैं, लेकिन असल में उन लोगों की चरित्र में कम्युनिष्टपन नहीं है ।’
उन का मानना है कि प्रत्यक्ष निर्वाचित राष्ट्रपतीय प्रणाली कार्यान्वयन होने से लोकतन्त्र और भी मजबूत हो सकता है, गणतन्त्र संस्थागत हो सकता है । उपप्रधानमन्त्री यादव ने यह भी कहा कि फोरम नेपाल आज भी जातीय पहचान सहित के राज्य पुनसंरचना की पक्ष में है । उनका मानना है कि नेपाल में जो जातीय, क्षेत्रीय और वर्गीय समस्या है, उस को समाधान किए बिना राष्ट्रीय समस्या का समाधान नहीं हो सकता ।

