आमिर, कपिल देव और गावस्कर को मिला निमंत्रण
इस्लामाबाद, प्रेट्र २ अगस्त
इमरान खान के शपथ समारोह में आमिर, कपिल देव और गावस्कर को मिला निमंत्रण
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनने जा रहे पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी इमरान खान ने सुनील गावस्कर, कपिल देव के साथ ही बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को शपथ ग्रहण का न्योता भेजा है। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) के प्रवक्ता फवाद चौधरी ने इस आशय की जानकारी दी है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को बताया कि विदेश विभाग से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दूसरे देश सरकार प्रमुखों को आमंत्रित करने की संभावना तलाशने को कहा गया है।
पीटीआइ के वरिष्ठ नेता शिरीन मजारी और शफकत महमूद ने विदेश सचिव तहमिना जांजुआ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने उनसे यह जानने की इच्छा जाहिर की कि शपथ ग्रहण होने के पहले कम अवधि के दौरान किन विदेशी नेताओं को आमंत्रित करना संभव होगा।
सूत्रों ने बताया कि पीटीआइ के नेता प्रधानमंत्री मोदी सहित दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) सदस्य देशों के नेता के साथ ही चीन और तुर्की के नेताओं को भी आमंत्रित करना चाहते हैं। नेताओं ने विदेश विभाग से मुद्दों पर सुझाव भी देने के लिए कहा। विदेश विभाग के सदस्यों ने कहा कि विदेशी नेताओं को शपथ ग्रहण में बुलाना संवेदनशील मामला है। सभी पहलुओं पर विचार करने की जरूरत है।
इमरान 11 अगस्त को लेंगे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान 11 अगस्त को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।बता दें कि पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए चुनाव में इमरान खान की पार्टी पीटीआई को सबसे ज्यादा 116 सीटें मिली हैं।, हालांकि वह बहुमत से 21 सीट दूर हैं। पाकिस्तान में कुल 270 सीटों के लिए चुनाव हुआ था, जिसमें से इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने 116 सीटें मिली हैं। इमरान खान ने खुद पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था और सभी में उन्होंने जीत दर्ज की है। सरकार बनाने के लिए पीटीआई ने छोटी-छोटी पार्टियों से संपर्क किया था।


