भारत के पूर्व रक्षा मंत्री जार्ज फर्नांडिस का निधन, समाजवाद के जार्ज युग का हुआ अन्त
{हिमालिनी के लिए मधुरेश प्रियदर्शी की रिपोर्ट}
नई दिल्ली– भारतीय राजनीति में आजीवन समाजवादी राजनीति के झंडाबरदार रहे समता पार्टी के संस्थापक और देश के पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस अब हमारे बीच नहीं रहे. सोमवार की सुबह 7 बजे के करीब उनका निधन हो गया. जॉर्ज फर्नांडिस ने 88 वर्ष की उम्र में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली.
वो अल्जाइमर नाम की बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें स्वाइन फ्लू भी था. आखिरी बार जार्ज साहब अगस्त 2009 से जुलाई 2010 तक राज्यसभा के सांसद भी रहे थे. आपको बता दें कि जॉर्ज फ़र्नान्डिस का जन्म 3 जून 1930 को हुआ था.वे देश के पैमाने पर श्रमिक संगठन के मजबूत नेता थे. वे राजनीति में आने से पहले एक निर्भीक पत्रकार भी थे. वे कई लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य भी रह चुके थे. जनता दल के विभाजन के बाद उन्होंने समता पार्टी की स्थापना की. वे भारत के केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में रक्षामंत्री, संचारमंत्री, उद्योगमंत्री एवं रेलमंत्री आदि के रूप में कार्य कर चुके थे. जॉर्ज फर्नांडिस चौदहवीं लोकसभा में मुजफ़्फ़रपुर से जनता दल (यूनाइटेड) के टिकट पर सांसद चुने गये थे. वे 1998 से 2004 तक की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की अटल सरकार में रक्षा मंत्री थे. अपने संसदीय क्षेत्र बिहार के मुजफ्फरपुर को उन्होंने मिनी मुंबई बनाने का सपना देखा था. बिहार और मुजफ्फरपुर के विकास में जार्ज साहब का अभूतपूर्व योगदान रहा है. मुजफ्फरपुर के कांटी का थर्मल पावर स्टेशन उनकी बड़ी उपलब्धि है. जार्ज साहब राजनीति में उच्च पद पर रहते हुए भी सादगी भरा जीवन व्यतीत करते थे. समतामूलक समाज की स्थापना को लेकर उन्होंने जीवनपर्यंत संघर्ष किया.
जनता के सच्चे हितैषी एवं भारतीय राजनीति में सादगी के प्रतीक महान समाजवादी नेता जार्ज फर्नांडिस को शत्-शत् नमन.

