‘सूर्यवंशी’ की शूटिंग शुरू, रोहित शेट्टी संग नजर आए अजय देवगन, रणवीर और अक्षय कुमार
यह तो सभी जानते हैं कि रोहित शेट्टीअपनी अगली फिल्म ‘सूर्यवंशी’ अक्षय कुमार के साथ बना रहे हैं। फैंस इस फिल्म का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अब जाकर इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई है। फिल्म की टीम ने सोमवार से शूटिंग शुरू की। यह फिल्म रोहित शेट्टी की पुलिस अफसरों पर आधारित फिल्मों का ही हिस्सा है, जिनमें ‘सिंघम’ सीरीज और ‘सिंबा’ शामिल हैं।
अजय देवगन, जोकि रोहित के ‘सिंघम’ बन चुके हैं, उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की और लिखा, ‘और इस तरह हमारे यूनिवर्स का विस्तार हो गया…हमारा गेम शुरू।’ इस फोटो में रोहित शेट्टी के साथ उनके सभी ऑनस्क्रीन पुलिस अफसर (रणवीर सिंह, अजय देवगन और अक्षय कुमार) नजर आ रहे हैं।
‘सिंघम’ ने बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाया था, यह सभी जानते हैं। रणवीर भी ‘सिंबा’ में एक टफ पुलिसवाले के अंदाज में छा गए थे। कुछ वैसी ही उम्मीद अब ‘सूर्यवंशी’ से लगाई जा रही है। रोहित शेट्टी और अक्षय पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करने जा रहे हैं और उनके इस कॉम्बिनेशन को ब्लॉकबस्टर माना जा रहा है।
फरहाद सामजी, जोकि ‘सूर्यवंशी’ के डायलॉग राइटर हैं, उन्होंने मुंबई मिरर से बात करते हुए कहा, ‘जब से हमने इस फिल्म का पोस्टर रिलीज किया है, तब से हमने सोच लिया है कि इस फिल्म को विशाल पैमाने पर बनाएंगे। हमने रमादान के पावन अवसर पर फिल्म की शूटिंग शुरू की है और अब नए रेकॉर्ड सेट करने के लिए हम तत्पर हैं।’
फरहाद ने आगे बताया कि ‘सूर्यवंशी’ कई मायनों में हटके और एंटरटेनिंग फिल्म होने वाली है। सबसे खास बात है फिल्म के लिए अक्षय और रोहित की जोड़ी। फरहाद कहते हैं कि उन्होंने रोहित और अक्षय के साथ अलग-अलग प्रॉजेक्ट्स पर काफी काम किया है और इसलिए वह दावे के साथ कह सकते हैं कि इन दोनों से बड़ा कॉम्बो कोई हो ही नहीं सकता।
बता दें कि ‘सूर्यवंशी’ का शूट मुंबई में 10-12 दिनों तक चलेगा, जिसके बाद अपने एंट्री सीन की शूटिंग के लिए अक्षय रोहित के साथ बैंकॉक जाएंगे। इसके बाद हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी और गोवा में शूटिंग पूरी होगी। फिल्म में अक्षय एटीएस चीफ वीर सूर्यवंशी के किरदार में होंगे। उनके अलावा फिल्म में कटरीना कैफ और नीना गुप्ता भी होंगी। ‘सूर्यवंशी’ अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी। कहा जा रहा है कि फिल्म में अजय देवगन और रणवीर सिंह भी नजर आ सकते हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


