अमेरिकी राजदूत सैम ब्राउनबैक को महात्मा गांधी पुरस्कार
वाशिंगटन, प्रेट्र।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता मामलों के राजदूत सैम ब्राउनबैक को हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन(एचएएफ) द्वारा महात्मा गांधी पुरस्कार से नवाजा गया है। यह पुरस्कार उन्हें विश्व के अनेक देशों में धार्मिक बहुलतावाद को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया। इस दिशा में पाकिस्तान, अफगानिस्तान, म्यांमार और मलेशिया में अल्पसंख्यक हिंदु समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए ब्राउनबैक द्वारा किए गए कार्यो की सराहना की गई।

समारोह के दौरान एचएएफ ने अमेरिकी सांसद ब्रैड शरमैन को फ्रेंड ऑफ द कम्यूनिटी अवार्ड से सम्मानित किया। अमेरिकी संसद में शरमैन द्वारा आवाज बुलंद किए जाने के बाद ही पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड और जैश-ए-मुहम्मद सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जा सका।

