पाकिस्तान के पूर्व स्पिन गेंदबाज अब्दुल कादिर का निधन
लाहौर.
पाकिस्तान के पूर्व स्पिन गेंदबाज अब्दुल कादिर का 63 साल की उम्र में लाहौर में निधन हो गया। उनकी मृत्यु की वजह कार्डिएक अरेस्ट बताई गई है। 1955 में लाहौर में जन्में कादिर अपने समय के बेहतरीन लेग स्पिनर थे। उन्होंने 67 टेस्ट मैच खेले और 236 विकेट लिए। इसके अलावा 104 वनडे मैचों में उन्होंने 132 विकेट लिए थे। कादिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मुख्य चयनकर्ता भी रहे। इसके अलावा उन्होंने लंबे समय तक मैचों में कमेंट्री भी की।
कादिर के निधन पर शोक जताते हुए पीसीबी ने ट्वीट किया। इसमें दुख जताते हुए बोर्ड ने कहा- ‘पीसीबी उस्ताद अब्दुल कादिर के निधन से सकते में है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना।’ वहीं, भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने उनके निधन पर एक फोटो शेयर करते हुए ट्वीट में कहा, ‘अब्दुल कादिर का निधन हैरान करने वाला है। दो साल पहले वह हमेशा की तरह ऊर्जा से भरपूर थे। एक चैम्पियन गेंदबाज, महान इंसान, आप हमेशा याद आएंगे। परिवार के साथ सहानुभूति।’

