मुंबई : मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल
रिपोर्ट– मधुरेश प्रियदर्शी । मुंबई : गीतकार जावेद अख्तर की पत्नी और अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। मुंबई के खालापुर टोल प्लाजा के पास पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी कार ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिनेत्री शबाना आजमी को एमजीएम हॉस्पिटल पनवेल में भर्ती कराया गया है। हादसा के समय कार में अभिनेत्री शबाना आजमी के पति जावेद अख्तर भी सवार थे। हालांकि उनको चोट नहीं लगी है। यहां बता दें कि शबाना आजमी की हालत को लेकर एमजीएम हॉस्पिटल से अपडेट भी आ गया है। अभिनेत्री शबाना के नाक में चोट आई है। इसके अलावा शरीर पर कोई चोट नजर नहीं है। उनका उपचार चल रहा है। शबाना की बात करें तो वे अभी भी शॉक में हैं। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। मालूम हो कि हाल ही में शबाना के पति जावेद अख्तर ने 17 जनवरी को अपना 75वां जन्मदिन मनाया था। उन्होंने अपने जन्मदिन को काफी स्पेशल तरीके से मनाया था। उन्होंने इस मौके पर दो पार्टी आयोजित की थी। एक पार्टी 16 जनवरी की रात तो दूसरी 17 जनवरी की रात हुई थी। पहली पार्टी में उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए रेट्रो थीम पार्टी दी। दूसरी पार्टी उन्होंने मुंबई के फाइव स्टार होटल ताज लैंड्स एंड में दी। इस पार्टी में बॉलीवुड के तमाम बड़े सितारों ने शिरकत की थी। मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी के जल्द स्वस्थ होने के लिए भारतीय सिनेमा जगत ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है।

