एमसीसी प्रतिवेदन हस्तान्तरण, संशोधन के साथ पास करने के लिए सुझाव
काठमांडू, २२ फरवरी । सत्ताधारी दल नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (नेकपा) कार्यदल ने एमसीसी प्रतिवेदन सरकार को हस्तान्तरण किया है । पूर्व प्रधानमन्त्री झलनाथ खनाल नेतृत्व में गठित कार्यदल ने अपनी सुझाव के साथ शुक्रबार प्रतिवेदन हस्तान्तरण किया । कार्यदल ने सरकार को सुझाव दिया है कि एमसीसी प्रतिवेदन को अगर नेपाल में कार्यान्वयन करना है तो उसमें संशोधन आवश्यक है, बिना संशोधन कार्यन्वयन करना देश के हित में नहीं है ।
परराष्ट्रमन्त्री प्रदीप ज्ञावली और पार्टी स्थायी समिति सदस्य भीम रावल सम्मिलित कार्यदल का कहना है कि अगर एमसीसी में हाल जो प्रावधान है, उसको उसीतरह पास किया जाता है तो वह नेपाल की स्वाधिनता और सार्वभौमसत्ता के खिलाफ है । कार्यदल संयोजक एवं पूर्व प्रधानमन्त्री खनाल ने कहा है– ‘हम लोगों ने एमसीसी प्रतिवेदन को विस्तृत रुप में अध्ययन किया, इसको हुबहु कार्यान्वयन करना नेपाल के हित में नहीं है । इसीलिए इस को करेक्सन होने के बाद ही कार्यान्वयन किया जा सकता है ।’
प्रतिवेदन ग्रहण करते हुए प्रधानमन्त्री एवं पार्टी अध्यक्ष केपीशर्मा ओली एवं दूसरे पार्टी अध्यक्ष पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने कहा है कि कार्यदल द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन और सुझाव को अध्ययन करने के बाद ही एमसीसी के संबंध में क्या करना है, उसमें निर्णय किया जाएगा । नेकपा स्रोत का कहना है कि अध्यक्ष द्वय ओली एवं प्रचण्ड एमसीसी को संशोधन कर ही कार्यान्वयन करने की मानसिकता में पहुँच गए हैं ।

