घाना में हेलीकॉप्टर दुर्घटना ८ लोगों की मृत्यु
काठमांडू, सावन २२ – घाना में एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु हो गई है ।
अफ्रीकी देश घाना में हुए सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में देश के रक्षा और पर्यावरण मंत्री समेत ८ लोगों की मृत्यु हो गई है । वायु सेना का हेलीकॉप्टर देश के दक्षिणी हिस्से में एक जंगल में गिर गया । इसमें दो मंत्रियों के साथ दो शीर्ष अधिकारी भी शामिल थे । यह हादसा घाना में एक दशक से भी ज्यादा समय में हुई सबसे भीषण हवाई दुर्घटनाओं में से एक था । घाना की सेना ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने सुबह राजधानी अकरा से उड़ान भरी थी और उत्तर–पश्चिम दिशा में अशांति क्षेत्र के ओबुआसी स्थित सोने की खदान वाले इलाके की ओर जा रहा था, तभी रडार से गायब हो गया।
बाद में इसका मलबा अशांति के अंदासी इलाके में मिला। हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है और सेना ने कहा है कि मामले की जांच जारी है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में रक्षा मंत्री एडवर्ड ओमान बोआमाह और पर्यावरण मंत्री इब्राहिम मुर्तला मुहम्मद के साथ सत्तारूढ़ दल नेशनल डेमोक्रेटिक कांग्रेस के उपाध्यक्ष सैमुअल सरपोंग, शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुनुरू मोहम्मद और चालक दल के चार सदस्य मारे गए । घाना सरकार ने इस दुर्घटना को राष्ट्रीय त्रासदी बताया । दुर्घटनास्थल का एक मोबाइल फोन फुटेज सामने आया है, जिसमें घने जंगल वाले इलाके में सुलगता हुआ हेलीकॉप्टर का मलबा दिखाई दे रहा है।

