ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बासगढी शाखा द्वारा रक्तदान
नेपालगंज/(बाँके) पवन जायसवाल । ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बासगढी शाखा के आयोजन में बारबर्दिया नगरपालिका–जयनगर में “रक्तदान करें, जीवन बचाएँ” नारो के साथ एक विशाल रक्तदान महादान शिविर भाद्र ९ गते (सोमवार) सम्पन्न हुआ।
यह कार्यक्रम ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व प्रमुख प्रशासिका राजयोगिनी दीदी डॉ. प्रकाशमणि की १८वीं पुण्य स्मृति दिवस तथा विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। बासगढी शाखा प्रमुख पुष्पा तिवारी ने जानकारी दी कि बारबर्दिया में दूसरी बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इससे पूर्व बासगढी में भी पहली बार रक्तदान कार्यक्रम सम्पन्न हो चुका है।
कार्यक्रम में बारबर्दिया नगरपालिका के नगर प्रमुख छविलाल थारु प्रमुख अतिथि रहे। यह शिविर नेपाल रेडक्रस सोसाइटी बारबर्दिया उपशाखा के प्राविधिक सहयोग से सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल ४० व्यक्तियों ने रक्तदान किया। नेपाल रेडक्रस सोसाइटी बारबर्दिया उपशाखा के सभापति श्रीराम चौधरी ने बताया कि यह महादान शिविर विश्वभर ब्रहमकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एवं राजयोग प्रशिक्षण केन्द्रों द्वारा चार दिनों तक संचालित अभियान का हिस्सा रहा, जिसका अन्तिम दिन भाद्र ९ गते रहा।
नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज बारबर्दिया के नगर अध्यक्ष गंगा पाठक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि थोड़े से खून से भी किसी का जीवन बचाया जा सकता है। इसलिए सभी को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि रक्तदान को सच्चा दान मानते हुए इसे बिना किसी अपेक्षा के करना चाहिए।
यह रक्तदान महादान शिविर बारबर्दिया नगरपालिका के विभिन्न संघ–संस्थाओं के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।




