Thu. Jul 9th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज में विश्व हिंदी दिवस–2026 का भव्य आयोजन

 

बीरगंज (नेपाल), 11 जनवरी 2026।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज द्वारा विश्व हिंदी दिवस–2026 के अवसर पर रविवार को एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के लिए भाषण एवं कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई, वहीं शारदा कला केंद्र, रक्सौल द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय महावाणिज्य दूत श्री देवी सहाय मीना ने हिंदी भाषा की वैश्विक व्यापकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं भावनात्मक सेतु का कार्य करती आई है। उन्होंने दोनों देशों के सदियों पुराने संबंधों को सुदृढ़ करने में हिंदी भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी पढ़कर सुनाया, जिसमें हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने की सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।

यह भी पढें   फीफा विश्वकप –कोलंबिया को पराजित कर स्विटरलैंड क्वाटर फाइनल में

भाषण एवं स्वरचित कविता प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भारत और नेपाल के युगों-युगों पुराने धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों की महत्ता विषय पर उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट भाषाई क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मकता से उपस्थित अतिथियों को गहराई से प्रभावित किया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को महावाणिज्य दूत श्री देवी सहाय मीना द्वारा उनकी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को हिंदी भाषा से जोड़ने और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भी पढें   निर्वाचन आयुक्तों की सुनवाई प्रक्रिया शुरु होगी आज

कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग एवं वाणिज्य क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, भारत–नेपाल मैत्री संघ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज ने क्षेत्र में हिंदी भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *