नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज की कोशी प्रदेश तदर्थ समिति गठन
नेपालगन्ज (बाँके) – पवन जायसवाल।
नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज की कोशी प्रदेश स्तर की तदर्थ कार्यसमिति गठन की गई है। स्वयंसेवी शतक रक्तदाता हरिमोहन श्रेष्ठ की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कोशी प्रदेश तदर्थ कार्यसमिति बनाई गई है।
नवगठित समिति के अन्य सदस्यों में सन्तनु रेग्मी, विनायक पन्त, कुशेश्वर राजवंशी और वेदप्रसाद संग्रौला को चयन किया गया है।
कार्यक्रम में नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष तथा नेपाल के सर्वाधिक स्वयंसेवी शतक रक्तदाता प्रेमसागर कर्माचार्य ने कहा कि निःशुल्क दान किया गया रक्त, आवश्यक गुणस्तरीय परीक्षण के बाद मरीजों को सहज और निःशुल्क उपलब्ध होना पीड़ित पक्ष का नैसर्गिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि नेपाल सरकार की रक्त व्यवस्थापन प्रणाली में मौजूद कमजोरियों के कारण मरीजों को अनावश्यक कष्ट उठाना पड़ रहा है। सरकार द्वारा व्यवस्था सुधारने के बजाय निजी क्षेत्र को रक्त कारोबार की अनुमति देना विडम्बनापूर्ण स्थिति है।
नेपाल स्वयंसेवी रक्तदाता समाज मोरङ जिला शाखा के सचिव तथा 106 बार रक्तदान कर चुके विजय खतिवडा की सभापतित्व में सम्पन्न उक्त जमघट में सर्वसम्मति से हरिमोहन श्रेष्ठ को अध्यक्ष चयन किया गया। कार्यक्रम में दुर्लभ रक्त समूह के 69 बार रक्तदान कर चुके विनायक पन्त तथा 54 बार रक्तदान कर चुके वेदप्रसाद संग्रौला लगायत स्वयंसेवी रक्तदाताओं ने अपने मानवीय सेवा से जुड़े प्रेरणादायी अनुभव भी साझा किए।


