दीपावली पर्व : कृष्ण कुमार गुप्ता
दीपावली पर्व
चौदह वर्षों का वनवास भोग कर लौटे अवध नरेश
अयोध्या ने तब पलकें बिछा घी के दीप थे जलाये
मिटा अधर्म का काला साया सुधरे सारे कलेश थे
त्रेतायुग से आज तक देशवासी ये पर्व मनाते आये
बचपन की वह धमाचौकड़ी माँ के हाथों की मिठाई
मिट्टी के वो जलते दीपक कई यादों को हैं जगाते
आँगन में सजी रंगीन रंगोली आँखों में यादें तैरतीं
दीपक दूर बैठे अपनों की सुध-बुध हमको हैं दिलाते
गरीब कुम्हार के सूने नयना राह तकते ग्राहक की
असली दिवाली तो तभी है जब वह भूखा ना सोये
चलो खरीदें दीप उसी से आस बँधायें उस मन को
अंधियारी बस्ती के कोने में एक भी बच्चा ना रोये
घर को सजाकर रखें पर मन के कोने भी चमकायें
एक दीपक विश्वास का जला दें हर टूटे अरमान में
नफरत, ईर्ष्या और द्वेष को दिलों से दूर भगा कर
खुशियाँ बिखेर दें चारों ओर हम सब पूरे जहान में
हर चौखट पे मुस्कान खिले ऐसा हो यह पर्व महान
स्नेह के घी में प्रेम की बाती करुणा का प्रकाश बहे
दिलों से दिलों को जोड़ दे दीपावली की यह पहचान
जगमग हो जाये जग सारा सुख की मंद बयार बहे
शुभ-लाभ और शुचिता का घर-घर में हो जाये वास
मंगलकारी कल्याणकारी हो दीपक की ज्योति महान
दिवाली के शाश्वत भाव में है प्रभु पे अटूट विश्वास
दिलों में भर जायें उजाले और जग जाये आत्मज्ञान
श्री राम का जीवन कहता यही धीरज कभी न खोना
सत्य और न्याय की खातिर कष्टों को हमेशा सहना
जीत हमेशा सत्य की होगी संकटों में न रोना कभी
यह त्योहार सिखाये हम सबको मर्यादा में ही रहना
जलना खुद पड़ता है पहले जग को उजाला देने में
कटुता द्वेष और नफरत छोड़ प्रेम का दीप जलाओ
त्याग और सेवा के भाव को अपने मन को भर कर
दीपावली के पावन पर्व को सब मिल जुलके मनाओ


