सरकार द्वारा स्थापित लोकतांत्रिक परंपरा का पालन नहीं किया गया है – नेपाली कांग्रेस
काठमांडू, मंसिर ५ : नेपाली कांग्रेस ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत दौरे को लेकर अपनी आपत्ति जताई है । कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत दौरे से पहले प्रमुख विपक्षी दलों सहित अन्य राजनीतिक दलों और विषय विशेषज्ञों से किसी तरह का कोई परामर्श नहीं किया है । कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार ने राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विदेश यात्रा से पहले साझा दृष्टिकोण बनाने की लोकतांत्रिक परंपरा को आगे नहीं बढ़ाया है ।
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वप्रकाश शर्मा ने एक विज्ञप्ति जारी की है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री की भारत दौरे की सफलता और उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएँ दी हैं । उन्होंने कहा है कि इस यात्रा से नेपाल और भारत के बीच संबंध और प्रगाढ़ होने के साथ–साथ नेपाल के राष्ट्रीय हितों को भी बढ़ावा मिलना चाहिए ।
शर्मा के अनुसार, कांग्रेस भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग की संभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को रचनात्मक सुझाव देने की तैयारी कर रही थी । इसके लिए पार्टी ने पिछले बुधवार को विषय विशेषज्ञों की भागीदारी में विशेष आंतरिक विमर्श भी किया था।
शर्मा ने कहा, “मित्र देशों की महत्वपूर्ण यात्राओं से पहले राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण बनाने के लिए प्रमुख विपक्षी दलों सहित अन्य राजनीतिक दलों से परामर्श करना हमारी स्थापित लोकतांत्रिक परंपरा है । वर्तमान सरकार से भी इस सकारात्मक परंपरा को जारी रखने की अपेक्षा थी ।”
हालाँकि, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रमुख विपक्षी दल, अन्य राजनीतिक दलों और विषय विशेषज्ञों से परामर्श करना आवश्यक नहीं समझा । शर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से सुझाव नहीं माँगे जाने के बाद कांग्रेस ने भी अपनी ओर से औपचारिक सुझाव आगे रखना उचित नहीं समझा । शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक राजनीतिक दल या सरकार का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत यात्रा पर जा रहे हैं । हालाँकि, कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि सरकार द्वारा परामर्श नहीं किए जाने के मुद्दे को प्रधानमंत्री की यात्रा के संभावित एजेंडे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए । शर्मा ने कहा कि सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर असहमति होने के बावजूद नेपाल के राष्ट्रीय हित और भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाने के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता अडिग है ।


