Thu. Jul 23rd, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

ऑनलाइन माध्यम से शिवाजी कॉलेज का 59 वां वार्षिकोत्सव संपन्न

 


दिनांक 29 जून 2020 को शिवाजी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय का 59वाँ वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यह समारोह ऑनलाइन माध्यम के द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रॉय फाउंडेशन के संस्थापक श्री संजीव रॉय आमंत्रित थे। उन्होंने इस अकादमिक सत्र के पुरस्कृत सभी छात्रों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा – “कोरोना के इस संकटग्रस्त अनिश्चित दौर में हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना होगा। अपनी अंतर्निहित क्षमताओं द्वारा नये अवसरों का सृजन करना होगा। उन्होंने कहा कि वो यंग इंडिया में नई संभावनाओं को देखते हैं। जब यंग इंडिया की बात होती है, तब पूरा भारत इस देश के युवाओं की ओर हसरत भरी निगाहों से देखता है।”
इस अवसर पर शिवाजी कॉलेज के पूर्व छात्र और दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एन. हरिहरन ने अपने विशिष्ट वक्तव्य में कहा कि “ हमें भविष्य की संभावनाओं के प्रति अपने दिलो दिमाग को खुला रखना चाहिए। अपने कॉलेज के दिनों की स्मृतियों को याद करते हुए उन्होंने गुरु की महत्ता पर बल दिया और गुरु को ब्रह्मा,विष्णु, महेश के समतुल्य माना।” उन्हें इस वर्ष ‘ विशिष्ट एल्युमनी ‘ सम्मान से सम्मानित भी किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार सहदेव ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया। उन्होंने अपने स्वागत संभाषण में कॉलेज की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए कहा कि “ कॉलेज की बुनियाद में यहाँ के विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की महती भूमिका रही है। यहां का माहौल इस कॉलेज को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रहा है। सभी के सामूहिक प्रयास से आज हमारा कॉलेज भारत में 51वें पायदान को प्राप्त कर सका है, आगे इसमें और प्रगति होगी।” इस अवसर पर कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट भी जारी की गई, इस वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण स्टूडेंट ऑफ द ईयर से सम्मानित नामों की घोषणा की गयी, इस सम्मान से विधा श्रीवास्तव (विज्ञान वर्ग) ,निष्ठा सेठी (वाणिज्य वर्ग), तुषार जोशी (कला वर्ग) को सम्मानित किया गया।
कॉलेज की प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से विशेष ‘ई न्यूज लेटर’ का शुभारंभ भी किया गया । अपनी पूर्व परंपरा का निर्वाह करते हुए इस बार भी समारोह में उन सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों के नामों की घोषणा की गई जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्टता एवं अव्वल दर्जा प्राप्त किया है। जिनमें प्रथम ,द्वितीय ,तृतीय वर्ष में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, राष्ट्रीय कैडेट कोर में विशिष्ट कार्य करने वाले कैडेट एवं विद्यार्थी, राष्ट्रीय सेवा योजना समिति के विद्यार्थी, साथ ही खेल संबंधी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत विद्यार्थियों के नामों की घोषणा की गई। गैर शैक्षणिक कर्मचारी वर्ग में विशिष्ट कार्य करने के लिए श्री अफरोज़ खान को भी सम्मानित किया गया। कॉलेज में वर्ष भर विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले TedX समिति, स्पेड समिति, वित्तीय योजना प्रकोष्ठ, एल्युमनी रिलेशन सेल, इको क्लब, WDC इत्यादि समितियों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों को पीपीटी द्वारा प्रस्तुत किया गया। औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. अपर्णा जैन द्वारा किया गया। इस प्रकार शिवाजी कॉलेज द्वारा आयोजित यह ऑनलाइन वार्षिक उत्सव अपने आप में विशिष्ट और सफल रूप में संपन्न हुआ। इस समारोह में पूर्व प्राचार्या डॉ. शशि निझावन, गवर्निंग बॉडी के सदस्य, विभिन्न कॉलेजों के शिक्षकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह भी पढें   एमाले सांसदों का च्यासल में अन्तरक्रिया

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *