Mon. Oct 12th, 2026
English मे देखने के लिए क्लिक करें

रामविलास पासवान अपनी अंतिम यात्रा पर, आज होगा अंतिम संस्कार, फूटफूट कर रोए चिराग

 

पटना,

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के संस्थापक रामविलास पासवान (Ram Vilas Paswan) का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार आज 10 अक्‍टूबर, शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे राजधानी पटना के दीघा स्थित जर्नादन घाट पर होगा। शनिवार सुबह आठ बजे से ही उनके पटना के श्रीकृष्णपुरी स्थित उनके निजी आवास पर अपने लोकप्रिय नेता के अंतिम दर्शन को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां से दोपहर में उनकी अंतिम यात्रा दीघा के जनार्दन घाट के लिए शुरू होगी।

खगडि़या जिले के शहरबन्‍नी स्थित उनके पैतृक गांव से पहली पत्नी राजकुमारी देवी भी पटना आवास पहुंच गई हैं। उनके आंसू थम नहीं रहे। गुरुवार की रात से शुक्रवार शाम तक रामविलास पासवान के पैतृक आवास पर लोग जुटे रहे।

यह भी पढें   त्रिभुवन विश्वविद्यालय सभा की साधारण एवं वार्षिक दिवस बैठक शुरू

आज सुबह से पटना स्थित आवास पर विभिन्‍न राजनीतिक दलों के बड़े नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्‍या में आम जनों की भीड़ जुटी रही। हर कोई राम विलास पासवान की सद्भावपूर्ण राजनीति, संघर्ष, व्‍यक्तिगत मधुर संबंधों की बातें करते रहे। बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्‍तेश्‍वर पांडे्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री व रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, सांसद रमा देवी, जदयू नेता आरसीपी सिंह, जदयू प्रवक्‍ता अजय आलोक , सांसद राम कृपाल यादव सहित कई नेताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके पहले उनका पार्थिव शरीर वायुसेना के विशेष विमान से शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे दिल्ली से पटना लाया गया। पटना एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि देते वक्‍त चिराग पासवान फूट-फूटकर रो पड़े। वहां मौजूद सभी की आंखें नम हाे गई। स्‍टेट हैंगर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी श्रद्धांजलि देते वक्‍त खुद की भावनाओं को काबू न कर सके और उनकी आंखें छलक गईं। वहां केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पासवान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोजपा कार्यालय में रखा गया ।

यह भी पढें   आज का पंचांग: आज दिनांक: 8 अक्टुबर 2026 गुरुवार शुभसंवत् 2083

इससे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में 12 जनपथ स्थित उनके आवास पर जाकर पासवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिराग पासवान के कंधे पर हाथ रखकर ढाढस बंधाया। 74 वर्षीय रामविलास पासवान का गुरुवार को निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

यह भी पढें   मधेशी क्लस्टर से आठ उम्मीदवार सह–महामंत्री चुनावी मैदान में

पटना एयरपोर्ट से पासवान के पार्थिव शरीर को लोजपा कार्यालय लाया गया, जहां उनके नाते-रिश्तेदारों समेत लोजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर पासवान की धर्मपत्नी रीना पासवान, पुत्र चिराग पासवान, भतीजा प्रिंस राज के अलावा भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय कानून और सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद मौजूद थे।

About Author

आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may missed

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com