नेपाल भारत से बीस लाख कोविड के टीके खरीदेगा
भारत से 10 लाख टीके सौगात में मिलने के बाद नेपाल ने भारत 20 लाख और टीके खरीदने का फैसला किया है। इस सौदे के लिए कैबिनेट ने मंगलवार को अडवांस पेमेंट को मंजूरी दे दी।
स्वास्थ्य मंत्री हृदयेश त्रिपाठी ने कहा, ”आज कैबिनेट ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से 20 लाख डोज और खरीदने का फैसला किया है और इसके लिए 80 फीसदी राशि का तुरंत भुगतान किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि नेपाल को एक डोज की कीमत 4 डॉलर पड़ी है, यानी पाकिस्तानी करेंसी के हिसाब से 464 रुपए। 20 लाख डोज की कीमत 93.6 करोड़ रुपए होगी और नेपाल 74.8 करोड़ डाउन पेमेंट करेगा।
भारत की मदद से नेपाल में कोरोना टीकाकरण पहले ही शुरू हो चुका है और सबसे पहले फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जा रहा है। नेपाल की कुल आबादी करीब 3 करोड़ है और 14 साल से कम के बच्चों को अलग कर दिया जाए तो 72 फीसदी आबादी का टीकाकरण करना है। नेपाल को 20 फीसदी आबादी के लिए कोवाक्स पहल के तहत मुफ्त टीके मिलेंगे।

