इजरायल और फलस्तीन के बीच जंग में गाजा में 65 फलीस्तीनियों की मौत
गाजा[फलस्तीन], एएनआइ।
इजरायल और फलस्तीन के बीच जंग तेज हो गई है। गाजा की ओर से इजरायल के कई शहरों पर रॉकेट हमले किए गए हैं। हमास ने इजरायल पर गाजा की ओर से एक हजार से अधिक राकेट दागे हैं। इस युद्ध में इजरायल ने भी अपने लड़ाकू विमानों से हमासे के ठिकानों पर हमले किए हैं। इसमें हमास के मिलिट्री विंग के शीर्ष कमांडर सहित 16 सदस्यों को मारा गया है। इजरायल और फलस्तीन के बीच इस जंग में गाजा में 65 फलीस्तीनियों को मारा गया है जबकि इस भीषण युद्ध में 7 इजरायली अब तक जान गंवा चुके हैं। इजरायल और फलस्तीन के बीच जारी इस संघर्ष से दुनियाभर के देश चिंतित हैं। दोनों ही ओर से रॉकेट हमले जारी हैं।
2014 के बाद दोनों के बीच इतना भीषण संघर्ष पहली बार हुआ है। इजरायल के हमले से गाजा में एक सात मंजिला इमारत ध्वस्त हो गई वहीं एक अन्य इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। गाजापट्टी पर हो रहे हमले के बीच लोगों ने कहा कि इजरायल अब बौखला गया है। हमलों से इजरायली जनता की भी नींद उड़ी हुई है। रातभर सायरनों की आवाज और धमाकों से लोग बेचैन हैं। हमास ने दावा किया है कि उसने इजरायल के तेल अवीव, बेर्शेबा, अश्केलोन और अशदोद शहर में दो सौ से ज्यादा राकेट दागे हैं। इस संघर्ष को देखते हुए पूर्वी यरुशलम से फलस्तीन परिवारों को हटाने के लिए चल रही कोर्ट की सुनवाई भी स्थगित कर दी गई है।

