पाकिस्तान : हिंदू मंदिर पर हमले के आरोप में 38 लोग हिरासत में

गुरुवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहीम यार खान जिले के गांव भोंग में एक दर्जन से अधिक पुरुषों की भीड़ ने लाठी-डंडों से लैस एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की थी। उग्र भीड़ ने नारेबाजी के साथ पूजा स्थल पर मूर्तियों को तोड़ दिया था।
इस्लामाबाद, एएनआइ। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अत्याचार जग जाहिर हैं। अपने अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा नहीं करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा बार-बार फटकार लगाने के बाद, पाकिस्तान ने शनिवार को रहीम यार खान में हिंदू मंदिर पर हमले के आरोप में 38 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए 38 लोगों को बहावलपुर में एक आतंकवाद विरोधी अदालत के समक्ष पेश किया गया।
पाक सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुलजार अहमद ने एक दिन पहले रहीम यार खान में भीड़ से हिंदू मंदिर की सुरक्षा के लिए कार्रवाई करने में विफल रहने के लिए पंजाब पुलिस प्रमुख को फटकार लगाई थी, जिसमें उन्हें घटना में शामिल सभी दोषियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था।

