चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर से तेजी से बढ़ रहा
चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर से तेजी से बढ़ने लगा है। दुनिया को कोरोना महामारी देने वाले चीन में संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। चीन में 8 अगस्त को कोरोना वायरस के 125 नए मामले सामने आए। इससे एक दिन पहले 96 केस आए थे। चीन के स्वास्थ्य़ मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। चीन में डेल्टा वैरिएंट के कारण कोरोना के मामले बढ़े हैं। 125 नए मामलों में से 94 केस स्थानीय हैं।
चीन के कई प्रांतों में तेजी से मरीज मिलने के बाद अब राजधानी बीजिंग को संक्रमण से बचाने के लिए यात्रा प्रतिबंध लगाए गए हैं। सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के अनुसार प्रांतों से राजधानी बीजिंग आने वालों पर रोक लगा दी गई है। ये उन क्षेत्रों के नागरिकों पर रोक है, जहां कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। उच्च और मध्यम खतरे वाले क्षेत्रों से आने के लिए यात्रियों को हवाई और रेल टिकट दिए जाने पर रोक लगा दी गई है। यात्रा के लिए हेल्थ कोड जारी किए गए हैं। केवल ग्रीन हेल्थ कोड के लोगों को ही यात्रा में राहत दी गई है। बीजिंग एयरपोर्ट से 15 शहरों के लिए जाने-आने वाली फ्लाइट बंद कर दी गई हैं।

