दूसरे चरण में देउवा को पराजित करेंगे, उसके बाद सरकार भी परिवर्तन किया जाएगाः निधि

काठमांडू, १२ दिसम्बर । नेपाली कांग्रेस महाधिवेशन में सभापति पद के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे वर्तमान उपसभापति विमलेन्द्र निधि ने दावा किया है कि सभापति चयन के लिए चुनावी प्रक्रिया दूसरे चरण में प्रवेश करनेवाला है और इस चरण में शेरबहादुर देउवा को पराजित किया जाएगा । महाधिवेशन स्थल में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने ऐसा कहा है ।
पत्रकारों से उप–सभापति निधि ने कहा– ‘प्रथम चरण में किसी का भी बहुमत आनेवाला नहीं है, चुनाव दूसरे चरण में प्रवेश करेगा । दूसरे चरण में सभी मिल कर देउवा को पराजित करेंगे । उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर सर्वसम्मत नेतृत्व चयन के लिए उन्होंनें भरमग्दुर प्रयास किया, लेकिन सभी प्रयास असफल रहा ।
स्मरणीय है, कांग्रेस की १४वें महाधिवेशन से पार्टी नेतृत्व हथियाने के लिए शेरबहादुर देउवा, प्रकाशमान सिंह, शेखर कोइराला और कल्याण गुरुङ चुनावी प्रतिस्पर्धा में हैं । कांग्रेस विधान अनुसार सभापति में निर्वाचित होने के लिए उम्मीदवार को कम से कम ५० प्रतिशत मत प्राप्त करना अनिवार्य है । अगर प्रथम चरण में किसी को भी ५० प्रतिशत मत नहीं मिलेगा तो चुनावी प्रक्रिया दूसरे चरण में प्रवेश करेगा । प्रथम चरण में सबसे अधिक मत लानेवाले दो उम्मीदवारों के बीच दूसरे चरण में चुनावी प्रतिस्पर्धा होगी ।

