नारायण साईं लापता
सूरत/अहमदाबाद। दो बहनों के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद सूरत पुलिस ने कथावाचक आसाराम के पु़त्र नारायण साईं का पता लगाने के लिए छह टीमें गठित की हैं। बहनों की पिता-पुत्र द्वारा यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाए जाने के बाद साईं का पता नहीं चल रहा है।
बहरहाल, अहमदाबाद में चांदखेड़ा पुलिस थाने में आसाराम के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है जिसे सूरत से स्थानांतरित किया गया है। इसमें बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि गुजरात के मोटेरा में आसाराम ने उसका बार-बार यौन उत्पीड़न किया।
सूरत के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने अधिक ब्यौरा दिए बिना कहा कि हमने साईं की तलाश करने के लिए छह टीमों का गठन किया है। दोनों बहनों की ओर से पिता-पुत्र के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद साईं के खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी किया गया है। पुलिस टीम का गठन अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त शिवानंद झा ने किया है ताकि आसाराम के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले की जांच की जा सके। यह टीम महत्वपूर्ण सुराग जुटाने के लिए सूरत पहुंच गई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेक्टर 1) जेके भट्ट ने कहा कि टीम ने आसाराम के खिलाफ दर्ज यौन उत्पीड़न के मामले के संबंध में सुराग जुटाने के लिए कल शाम सूरत में तलाशी ली। उन्होंने कहा कि पीड़िता का बयान भी दर्ज किया जाएगा।
बड़ी बहन ने अपनी शिकायत में आसाराम पर 1997 और 2006 के दौरान बार-बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया, जब वह अहमदाबाद शहर के बाहरी हिस्से में उनके आश्रम में रहती थी। छोटी बहन ने अपनी शिकायत में आसाराम के बेटे पर 2002 और 2005 के बीच बार-बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया, जब वह सूरत आश्रम में रहती थी।
साईं के खिलाफ सूरत में जहांगीरपुरा पुलिस थाने में जबकि उनके पिता आसाराम के खिलाफ मामला अहमदाबाद के चांदखेड़ा पुलिस थाने में स्थानांतरित किया गया। आसाराम को एक नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न करने के एक मामले में अगस्त में गिरफ्तार किया गया था और वे जोधपुर जेल में हैं।

