भारत और ब्रिटेन के बाद अब फ्रांस लगाएगा टिकटाक पर बैन, सुरक्षा को लेकर विश्वस्तर पर चिंता बढी
पेरिस, एएनआइ।
फ्रांस चीन के स्वामित्व वाले विडियो शेयरिंग एप टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाएगा। फ्रांस के मंत्री स्टानिस्लास गुएरिनी ने शुक्रवार को घोषणा की कि फ्रांस सरकारी कर्मियों के टिकटॉक एप इस्तेमाल करने पर रोक लगाएगा। उन्होंने ट्वीट किया, साइबर सुरक्षा की गारंटी के लिए, सरकार ने सरकारी कर्मियों के फोन पर टिकटॉक जैसे एप पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
भारत भी लगा चुका बैन
इससे पहले कई देशों में टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाया गया है। भारत ने भी गोपनीयता और सुरक्षा चिंताओं को लेकर मैसेजिंग एप वीचैट सहित टिकटॉक और दर्जनों अन्य चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। ब्रिटेन की संसद ने भी सुरक्षा कारणों से सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के मोबाइल फोन पर टिकटॉक एप की मौजूदगी पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
विश्व स्तर में चिंताएं बढ़ीं
फ्रांस24 की रिपोर्ट के अनुसार, टिकटॉक की चीनी मूल कंपनी बाइटडांस के माध्यम से चीनी सरकार द्वारा उपयोगकर्ताओं के स्थान और संपर्क डेटा तक पहुंचने की क्षमता के बारे में पता चलने से विश्व स्तर पर चिंताएं बढ़ गई हैं।


