भारतीय पर्यटकों के लिए जनकपुर, काठमांडू, नेपाल की यात्रा होगी आसान, बिहार से रात में भी बस सेवा शुरू
काठमांडू 4 फरवरी 24 । भारतीय पर्यटकों के लिए नेपाल के जनकपुर धाम जाना और सीता माता के दर्शन करना अब आसान होने वाला है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अब जनकपुर तक के लिए बस सेवा शुरू कर दी है. यह बस मुजफ्फरपुर के रास्ते नेपाल के जनकपुर के लिए चलाई जा रही है. फिलहाल एक बस का परिचालन शुरू किया गया है जो रात्रि 11:00 बजे मुजफ्फरपुर के इमली चट्टी बस स्टैंड पर आती है और 11:45 में वहा से जनकपुर धाम (नेपाल) के लिए रवाना होगी।
बोधगया-पटना से काठमांठू के लिए भी चलेंगी चार बसें
आपको बता दें कि कोरोना काल से पहले दो जोड़ी बसें चलायी जा रहा थी, लेकिन यह सेवा कोरोना काल के बाद से बंद हो गई थी . साथ ही बोधगया-पटना से काठमांठू के लिए भी चार बस चलाई जाएगी, जो मुजफ्फरपुर होकर प्रस्थान करेंगी. इसे लेकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अभय झा ने अधिसूचना जारी किया है. निजी लोक भागीदारी योजना और सुलभ परिवहन सेना के तरह परिचालित की जाएगी. इनमें इलेक्ट्रिक और डीजल से चलने वाली बसें शामिल हैं।
जनकपुर, काठमांडू, नेपाल के लिए रात्रि बस का परिचालन शुरू
मुजफ्फरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया की यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से कई नई बस सेवा बहाल की जा रही है. अभी जनकपुर, काठमांडू, नेपाल के लिए रात्रि बस का परिचालन शुरू किया गया है. जो पटना से आती है और मुजफ्फरपुर में रुकती है और यहां से यात्रियों को लेकर नेपाल के लिए रवाना होती है. लेकिन अब सभी बस निजी लोक भागीदारी योजना के तहत चलेगी, इसके लिए बस ऑनरों को रूट उपलब्ध कराया गया है. इसका शुभारंभ बहुत जल्द होगा।


