मौनी अमावस्या पर सर्वार्थ सिद्धि योग,जानिए कब है इस वर्ष माैनी अमावस्या
इस साल मौनी अमावस्या 9 फरवरी दिन शुक्रवार को है. मौनी अमावस्या पर सर्वार्थ सिद्धि योग, बुधादित्य योग और महोदय योग के मिलन से महासंयोग बन रहा है. इस वजह से मौनी अमावस्या का दिन और भी विशेष हो गया है. मौनी अमावस्या पर बना यह महासंयोग पितरों को प्रसन्न करने के लिए बहुत ही शुभ है. मौनी अमावस्या के अवसर पर पवित्र नदियों में स्नान करने से पाप खत्म होते हैं और पुण्य मिलता है. इस दिन स्नान, दान, जप, तप, तीर्थ यात्रा आदि का विशेष लाभ मिलता है.
महोदय महासंयोग में मौनी अमावस्या 2024
ज्योतिषशास्त्र में चतुर्दशी तिथि के साथ अमावस्या तिथि का होना, श्रवण नक्षत्र, व्यतीपात योग और शकुनी करण के संयोग से महोदय योग का निर्माण होता है. इस बार मौनी अमावस्या पर महोदय योग बन रहा है. मौनी अमावस्या पर महोदय योग सुबह 08:04 एएम से लेकर शाम 07:06 पीएम तक रहेगा. महोदय योग में स्नान, दान, पुण्य, तीर्थ यात्रा, पितृ पूजा करने से कई लाभ होते हैं.

