सिके राउत, हृदयेश और वृषेशचन्द्रलाल में कार्यगत एकता
काठमांडू, फागुन २७ – तराई मधेश केन्द्रीत तीन दल जनमत पार्टी, जनता प्रगतिशील पार्टी तथा तराई मधेश लोकतान्त्रिक पार्टी ने कार्यगत एकता किया है । रविवार जनमत के अध्यक्ष सिके राउत, जप्रपा के अध्यक्ष हृदेयश त्रिपाठी तथा तमलोपा के अध्यक्ष वृषेशचन्द्र लाल ने विज्ञप्ति में संयुक्त हस्ताक्षर कर सहकार्य करने पर सहमति की है ।
विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि नेपाल के संविधान के रक्षार्थ इसमें समसामयिक संशोधन करते हुए संघीय लोकतान्त्रिक गणतन्त्र के सुदृढीकरण करने, तराई मधेश के साथ ही सम्पूर्ण देश में सुशासन और समृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करने, विद्यमान सभी प्रकार के विभेदों का अंत करने, उत्पादनमुखी अर्थतन्त्र स्थापित कर राष्ट्रीय पूँजी निर्माण करने के लिए सहकार्य करने में सहमत हुए हैं ।
इसी तरह उन्होंने बताया कि देश के कृषि उत्पादन में वृद्धि तथा किसानों के हित में क्रियाशील रहने, उद्योग–धन्धा तथा कलकारखानों को स्थापित कर रोजगार सिर्जना करने, गुणस्तरीय तथा सर्वसुलभ शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहमत हुए हैं । इस अभियान में अन्य दलों को सहभागी होने के लिए उन्होंने आग्रह किया है । इस समय ये तीन दल सरकार से बाहर है ।


