पटना से जनकपुर के लिए चलेगी ट्रेन

काठमांडू । पटना से नेपाल जाने वाले लोगों के लिए खुशखबरी होगी. पाटलिपुत्र रूट से जनकपुर (नेपाल) तक एक नयी ट्रेन चलायी जायेगी. दरभंगा-पाटलिपुत्र मेमू एक्सप्रेस के नाम से चलने वाली इस ट्रेन के परिचालन के लिए रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है. आठ कोच की यह ट्रेन रोजाना पाटलिपुत्र जंक्शन से सोनपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, जनकपुर होते हुए दरभंगा तक जायेगी. वहीं, जानकारों की मानें, तो पटना से नेपाल के लिए सीधे जाने वाली यह पहली ट्रेन होगी. रेलवे बोर्ड ने ट्रेन चलाने का समय भी निर्धारित कर दिया है. हालांकि, अभी ट्रेन किस तारीख से चलेगी, इसको लेकर रेलवे बोर्ड की ओर से मंथन जारी है.
पाटलिपुत्र स्टेशन से यह ट्रेन रोजाना रात 7:30 बजे खुलेगी. इसके बाद 7:35 बजे दीघा हाल्ट, 20:02 बजे सोनपुर, 20:15 बजे हाजीपुर, 21:25 बजे मुजफ्फरपुर, 22:08 बजे रुनीसैदपुर, 23:10 बजे सीतामढ़ी, 00:05 बजे जनकपुर, 00:28 बजे कमतौल और 00:55 बजे दरभंगा स्टेशन पर पहुंचेगी. यह ट्रेन दरभंगा जंक्शन से सुबह तीन बजे खुलेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 5:45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी. वहीं पाटलिपुत्र जंक्शन पर यह ट्रेन सुबह आठ बजे पहुंचेगी.फिजिशियन और समाजसेवी डॉ अमित कुमार ने पाटलिपुत्र से जनकपुर होते हुए दरभंगा के लिए मेमू एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की थी. उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे जोन को प्रस्ताव बनाकर भेजा था, जिसके बाद पूमरे ने इस प्रस्ताव को बोर्ड को भेजा और बोर्ड ने ट्रेन चलाने की हरी झंडी दे दी.

