टर्की के एक होटल में लगी आग… ७६ लोगों की मृत्यु
काठमांडू, माघ ९ – उत्तर–पश्चिमी तुर्की के एक स्की रिसॉर्ट के होटल में मंगलवार को आग लगने से मरने वालों की संख्या बढ़कर ७६ हो गई है । ५० से ज्यादा लोग घायल हैं । ७६ मृतकों में से ४५ मृतकों की पहचान हो गई है । जबकि अन्य पीडि़तों की पहचान के प्रयास जारी हैं । तुर्की के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने इसकी जानकारी दी । ये हादसा ऐसे समय में हुआ जब अधिकांश लोग सो रहे थे । इस हादसे की जांच के सिलसिले में नौ लोगों को हिरासत में लिया गया । मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के दौरान उत्तर–पश्चिमी तुर्की के एक लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट में एक १२–मंजिला होटल में आग लग गई । आग से बचने के लिए घबराकर कम से कम दो लोग इमारत से कूद गए ।
इस्तांबुल से लगभग ३०० किलोमीटर पूर्व में बोलू प्रांत के कोरोग्लू पहाड़ों में स्थित कार्टलकाया में ग्रैंड कार्टल होटल में लगी आग में कम से कम ५१ लोग घायल हो गए । यह आग स्कूलों में दो सप्ताह की शीतकालीन छुट्टियों की शुरुआत के समय लगी, जब इस क्षेत्र के होटल भरे हुए होते हैं । घटना के समय होटल में करीब २३८ लोग थे ।


