यह देश की आत्मा पर हमला है –भारतीय प्रधानमंत्री मोदी
काठमांडू, बैशाख ११ – भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि २२ अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मासूम देशवासियों को जिस बेरहमी से मारा है, उससे पूरा देश व्यथित है । कोटि कोटि देशवासी दुखी हैं । सभी पीडि़त परिवारों के इस दुख में पूरा देश उनके साथ खड़ा है । जिन परिवारजनों का अभी इलाज चल रहा है, वे जल्द स्वस्थ हों, इसके लिए भी सरकार हर प्रयास कर रही है । इस आतंकी हमले में किसी ने अपना बेटा खोया, किसी ने अपना भाई खोया, किसी ने अपना जीवनसाथी खोया है ।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह देश की आत्मा पर हमला है ।
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकियों ने भारत की आत्म को चोट पहुंचाने की कोशिश की है । पहलगाम में जिन लोगों को मारा गया उनमें से कोई बांग्ला बोलता था, कोई कन्नड बोलता था, कोई मराठी था, कोई उडÞिया था, कोई बिहार का लाल था । आज उन सभी की मृत्यु पर करगिल से कन्याकुमारी तक हमारा दुख एक जैसा है । हमारा आक्रोश एक जैसा है । यह हमला निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है । देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है ।
उन्होंने यह भी कहा कि मैं बहुत साफ शब्दों में कहना चाहता हूं जिन्होंने यह हमला किया है उन आतंकियों और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी । अब आतंकियों की बची खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है । एक सौ ४० करोड़ भारतीयों की इच्छाशक्ति अब आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी ।

