रास्वपा सांसद मनीष झा का सवालः क्या अब सरकार रेशम चौधरी और सीके राउत पर हमला करने जा रही है ?

काठमांडू, ६ मई । राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के सांसद मनीष झा ने सरकार से पूछा है कि क्या अब रेशम चौधरी और सीके राउत पर हमला होने वाला है ? सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध लेने का आरोप लगाते हुए उन्होंने यह सवाल उठाया है । झा ने यह भी आरोप लगाया कि रास्वपा के अध्यक्ष के प्रति राज्य ने प्रतिशोध की भावना से काम किया है । इसी तरह, एकीकृत समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा पूर्व प्रधानमन्त्री माधव कुमार नेपाल से बयान लेने के आधार पर भी उन्होंने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया ।
मंगलवार को प्रतिनिधिसभा की बैठक में अपने विचार रखते हुए सांसद् झा ने पूछा, “क्या अब माधव नेपाल के बाद रेशम चौधरी पर भी हमला होगा ?” उन्होंने कहा, “हाल ही में जो राजनीतिक प्रतिशोध की घटनाएँ हुई हैं, उन पर हमारी पार्टी का ध्यान गया है और हम इससे जुड़े हैं । हमारे पार्टी अध्यक्ष के प्रति हुआ, हाल ही में रेशम चौधरी के प्रति हुआ । माधव कुमार नेपाल जी का भी बयान लिया जा रहा है, ऐसा सुनने में आ रहा है । अब क्या सीके राउत पर हमला होगा ?”
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि उनकी पार्टी इस स्थिति को गंभीरता से ले रही है और भविष्य में इसे सहन न करने की स्थिति आ सकती है । झा ने आगे कहा, “हम इन सभी घटनाओं को राजनीतिक प्रतिशोध की कड़ी के रूप में देख रहे हैं । इसे गंभीरता से ले रहे हैं और हम यह बताना चाहते हैं कि हमेशा चुप रहना संभव नहीं होगा ।”

