ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न आईपीएल में मनाया जाएगा
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न आईपीएल में भी मनाया जाएगा। बीसीसीआई ने एक स्पेशल प्लान बनाया है, जो आईपीएल 2025 की क्लोजिंग सेरेमनी में देखने को मिलेगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की क्लोजिंग सेरेमनी (IPL Closing Ceremony) में भारतीय सशस्त्र बलों (IAF) को स्पेशल श्रद्धांजलि देने का प्लान बनाया है। ये सेरेमनी आईपीएल के फाइनल मैच के शुरू होने से पहले पहले 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगी।
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने स्पोर्टस्टार को यह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय क्रिकेट शासी निकाय ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के साथ-साथ सेना, नौसेना और वायु सेना प्रमुखों को भी आमंत्रित किया है।
सैकिया ने स्पोर्टस्टार के साथ बातचीत में कहा,”बोर्ड हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और निस्वार्थ सेवा को सलाम करता है, जिनके ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत किए गए वीर प्रयास देश की रक्षा और प्रेरणा देते रहते हैं। श्रद्धांजलि के रूप में, हमने समापन समारोह को सशस्त्र बलों को समर्पित करने का निर्णय लिया है।”
पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने 6 और 7 मई की मध्यरात्रि को पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (POK) में आतंकवादी बुनियादी ढांचे पर जवाबी हमला किया था।
इस वजह से IPL 2025 को बीच में एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद टूर्नामेंट 17 मई को फिर से शुरू हुआ। लीग का फाइनल पहले 25 मई को कोलकाता में खेला जाना था। हालांकि, भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से अब ये टूर्नामेंट का फाइनल 3 जून को होगा। प्लेऑफ 29 मई से शुरू होंगे, जिसमें मुल्लांपुर पहले क्वालीफायर और एलिमिनेटर की मेजबानी करेगा।


