फिलिस्तीनी संगठन हमास ने सीजफायर प्रपोजल को स्वीकार किया
फिलिस्तीनी संगठन हमास ने अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के सीजफायर प्रपोजल को स्वीकार कर लिया है. रॉयटर्स को एक हमास से जुड़े अधिकारी ने बताया कि यह प्रस्ताव दोनों पक्षों के लिए एक संभावित समाधान की दिशा में एक बड़ी पहल है.
इस प्रस्ताव के तहत हमास दो चरणों में कुल दस इजरायली बंधकों को रिहा करने पर सहमत हो गया है. इसके बदले में इजरायल को 70 दिनों के लिए युद्धविराम करना होगा, साथ ही गाजा पट्टी से अपनी कुछ सैन्य टुकड़ियों को हटाना होगा. सबसे अहम बात यह है कि इजरायल को भी कई फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करना होगा, जिनमें कुछ ऐसे हैं जो लंबे समय से जेल में हैं.
गाजा में बीते महीनों से हो रही भीषण लड़ाई और लगातार बढ़ रहे नागरिक हताहतों के बीच यह प्रस्ताव मानवीय राहत की एक किरण बनकर सामने आया है. हजारों लोगों की मौत, विस्थापन, भूख और अस्पतालों की तबाही के बीच यह खबर वहां के नागरिकों के लिए उम्मीद बन सकती है.
हालांकि अभी तक इजरायली सरकार की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. यह देखना बाकी है कि क्या नेतन्याहू सरकार इस प्रस्ताव को मानने के लिए तैयार है या नहीं. इस युद्धविराम प्रस्ताव पर अमेरिका की भी पैनी नजर बनी हुई है.
अमेरिका की मध्यस्थता में बनी बात
स्टीव विटकॉफ की मध्यस्थता से तैयार किया गया यह प्रस्ताव कई दौर की बातचीत और अंतरराष्ट्रीय दबावों का नतीजा माना जा रहा है. माना जा रहा है कि अगर यह डील पूरी तरह लागू हो गई, तो यह गाजा में शांति की दिशा में निर्णायक कदम साबित हो सकती है.

